खेल

Champions Trophy आज लड़ेंगे भारत-न्यूजीलैंड

 दुबई. रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन अब तक आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सातवें आसमान पर रहा है। टीम इंडिया ने बांग्लादेश और पाकिस्तान को 6-6 विकेट से धूल चटाकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। हालांकि उससे पहले भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मार्च को आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में भिडऩा है। यह मैच दोनों ही टीमों के लिए ज्यादा मायने नहीं रखता, क्योंकि दोनों ही टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। भारतीय टीम या न्यूजीलैंड में से जो भी यह मुकाबला जीतेगा, वह अपने ग्रुप में शीर्ष पर आ जाएगा। तो यह नंबर-1 और-2 की लड़ाई होने वाली है। हो सकता है कि दोनों टीमों की प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव दिखे। इसके पीछे की वजह है कि वह अपने कुछ खिलाडिय़ों को सेमीफाइनल से पहले रेस्ट दे सकते हैं। वहीं आपको इस बड़े मुकाबले से पहले एक बार दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड के बारे में बताते हैं।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 118 वनडे मुकाबले अब तक खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 60 तो 50 मुकाबले न्यूजीलैंड ने जीते हैं। वहीं सात मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला, जबकि एक मैच टाई रहा है। वहीं, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में दोनों टीमें सिर्फ एक बार भिड़ी हैं, जिसमें न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को हराया था। वनडे फॉर्मेट में भारत का पलड़ा ही न्यूजीलैंड पर भारी रहा है। वहीं आईसीसी वनडे वल्र्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड कुल 11 बार एक दूसरे के सामने आए हैं, जिसमें पांच बार न्यूजीलैंड, तो पांच बार भारत ने बाजी मारी है। वहीं एक मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकला है।

टीम इंडिया — रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, शुभमन गिल, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती

न्यूजीलैंड — मिशेल सेंटनर (कप्तान), मार्क चैपमैन, ड्वेन कॉनवे, माइकल ब्रेसवेल, मैट हेनरी, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, लॉकी फग्र्यूसन, विल ओरूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, नाथन स्मिथ, केन विलियम्सन, विल यंग, जैकब डफी

शमी-रोहित फिट, न्यूजीलैंड के खिलाफ उपलब्ध

दुबई। भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल ने कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के फिटनेस पर अपडेट दिया है। राहुल ने कहा, रोहित और शमी न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के आखिरी चैंपियंस ट्रॉफी ग्रुप मैच में खेलने के लिए उपलब्ध होंगे। भारत का अगला मैच रविवार को दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा। पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान शमी मुश्किल में दिखे थे और कुछ समय के लिए मैदान से बाहर गए थे। वहीं, रोहित को भी हैमस्ट्रिंग में समस्या महसूस हुई थी, वे भी कुछ समय के लिए फिल्ड से बाहर गए थे। राहुल ने कहा, मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन इतना पता है कि हर कोई ठीक है। मुझे जहां तक पता है किसी के भी मैच मिस करने की चिंता नहीं है।

आज सचिन के रिकॉर्ड पर रोहित की नजर

भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 12वां मुकाबला खेला जाएगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान रोहित शर्मा के पास सचिन तेंदुलकर के एक बड़े रिकॉर्ड को पीछे छोडऩा का मौका है। रोहित के पास सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान के रूप में सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोडऩे का मौका होगा। रोहित शर्मा को सचिन से आगे निकलने के लिए 68 रन की जरूरत है। सचिन तेंदुलकर ने 73 मैचों में 37.75 के औसत से 2454 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान छह शतक और 12 अद्र्धशतक लगाए हैं। रोहित शर्मा बतौर कप्तान 53 वनडे मैचों में 53.04 की औसत और 113.50 की स्ट्राइक रेट से 2387 रन बनाकर सातवें स्थान पर हैं। रोहित ने पांच शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं। भारत के दिग्गज एमएस धोनी लिस्ट में शीर्ष पर हैं। धोनी ने 6641 रन बनाए हैं। इसके बाद विराट कोहली (5549) हैं।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button