साधु बनकर देते थे वारदातों को अंजाम, बुजुर्ग की हत्या, पति–पत्नी गिरफ्तार

पन्ना (टाइगर खान): पन्ना पुलिस के हाथ एक बार फिर बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, वहीं एक अन्य फरार चल रहा है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी साधु के भेष में नजदीकियां बनाते थे पैसों और गहनों की जानकारी लेते थे। फिर जादू टोने का हवाला देकर सूनसान इलाके में जाकर हत्या कर देते थे।
कोतवाली टीआई रोहित मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती 04 फरवरी को इनायत खान पिता जमाल खान निवासी कटरा मोहल्ला पन्ना द्वारा थाना कोतवाली में सूचना दी गई कि धर्मसागर तालाब मोंघा के पास जंगल में मेरे सौतेले पिता मनीराम उर्फ मुनीर खां उम्र 65 वर्ष निवासी पहाडकोठी की लाश मिली है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से गले पर वार कर हत्या को अंजाम दिया है। इस पर तत्काल पुलिस टीम के साथ एफ.एस.एल. टीम एवं डॉग स्कावायड टीम घटना स्थल पर पहुंची। शव के निरीक्षण उपरान्त पोस्टमार्टम कराया गया, एवं अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी की तलाश के लिए के पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कस्बा पन्ना में लगे सी. सी. टी.वी. कैमरों के फुटेज चेक किए गए, और मृतक के मोहल्ला व आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ की गई, तो जानकारी मिली कि एक महिला और पुरुष पिछले कुछ दिनों से मृतक मनीराम के घर आते जाते रहते थे, किंतु उक्त व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो संदेही एक महिला व एक पुरूष को नेशनल हाइवे स्थित सकरिया के पास पकड़ कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।



