अमरीकी एनएसए से मिले पीएम मोदी, एलन मस्क-रामास्वामी से भी मिले PM

वाशिंगटन. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात करने से पहले अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाल्ट्ज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। इस मीटिंग के वाल्ट्ज वाशिंगटन डीसी के ब्लेयर हाउस पहुंचे। इस बैठक में विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल भी शामिल हुए। माइक वाल्ट्ज से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने टेस्ला चीफ एलन मस्क और भारतीय मूल के उद्योगपति विवेक रामास्वामी से भी मुलाकात की। बता दें कि ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वॉशिंगटन डीसी में मुलाकात होने वाली है।
ट्रंप के अमरीकी सत्ता संभालने के बाद होने जा रही इस खास मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजरे हैं। इस मीटिंग के बाद कई बड़े ऐलान हो सकते हैं। दोनों की मुलाकात अमरीकी राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास व्हाइट हाउस में होगी। दोनों ग्लोबल लीडर इस दौरान द्विपक्षीय बैठक करेंगे और इसके बाद प्रेस स्टेटमेंट भी जारी करेंगे। ट्रंप और पीएम मोदी साथ में डिनर भी करेंगे। बता दें कि पीएम मोदी वॉशिंगटन डीसी के ब्लेयर हाउस में ठहरे हुए हैं।
तुलसी गबार्ड से मिले पीएम, कई मुद्दों पर बात
पीएम ने अमरीका पहुंचकर सबसे पहले यूएस नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने यहां बताया कि श्री मोदी ने सुश्री गबार्ड के साथ अपनी पूर्व की बातचीत को याद किया। विदेश मंत्रालय के अनुसार चर्चा में भारत एवं अमेरिका के बीच द्विपक्षीय खुफिया सहयोग बढ़ाने, विशेष रूप से आतंकवाद, साइबर सुरक्षा, उभरते खतरों और रणनीतिक खुफिया जानकारी साझा करने पर चर्चा हुई। उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया, एक सुरक्षित, स्थिर और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।



