विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में बोले पीएम मोदी-इनसे मेरा नाता खास दोस्तों वाला

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री ने भारत मंडपम में देश के युवाओं से संवाद किया। मंच से उन्होंने नौजवानों पर अपने भरोसे की वजह भी बताई। पीएम मोदी विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युवाओं से उनका नाता पीएम का नहीं बल्कि परम मित्र का है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के युवा शक्ति की ऊर्जा से आज ये भारत मंडपम भी ऊर्जावान हो गया है। आज पूरा देश स्वामी विवेकानंद जी को याद कर रहा है, उन्हें प्रणाम कर रहा है।
मैं विकसित भारत की एक तस्वीर देख रहा हूं- PM
पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि आज आपसे बात करते हुए मैं विकसित भारत की एक तस्वीर भी देख रहा हूं। विकसित भारत में हम क्या देखना चाहते हैं? कैसा भारत देखना चाहते हैं? विकसित भारत यानी जो आर्थिक, सामरिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त होगा। जहां अर्थव्यवस्था भी बुलंद होगी और पारिस्थितिकीय तंत्र भी समृद्ध होगी। जहां अच्छी कमाई और अच्छी पढ़ाई करने के ज्यादा से ज्यादा अवसर होंगे।
‘हमारे सामने 25 साल का गोल्डन पीरियड’
प्रधानमंत्री ने कहा कि क्या हम केवल बोलने से ही विकसित हो जाएंगे? जब हमारे हर फैसले की कसौटी एक ही होगी, विकसित भारत। जब हमारे हर कदम की दिशा एक ही होगी, विकसित भारत, तो दुनिया की कोई भी शक्ति हमें विकसित होने से नहीं रोक पाएगी। बहुत पहले लाल किले से मेरे दिल की एक आवाज निकली थी। मैंने कहा था, ‘यही समय है-सही समय है।’ हमारे सामने 25 साल का गोल्डन पीरियड है, अमृतकाल है और मैं पूरी तरह से आत्मविश्वास से भरा हूं कि भारत की युवाशक्ति ‘विकसित भारत’ का सपना जरूर साकार करेगी।
‘जब अमेरिका भीषण आर्थिक संकट में फंस गया था…’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 1930 के दशक में अमेरिका भीषण आर्थिक संकट में फंस गया था। तब अमेरिका की जनता ने ठाना की हमें इससे बाहर निकलना है और तेज गति से आगे बढ़ना है। अमेरिका न केवल उस संकट से निकला बल्कि उसने विकास की रफ्तार को कई गुना ज्यादा तेज करके दिखाया। एक समय था जब सिंगापुर बेहाल था। सिंगापुर को सही नेतृत्व मिला और जनता के साथ मिलकर सबने तय किया कि हम अपने देश को विकसित राष्ट्र बनाएंगे। कुछ ही सालों में सिंगापुर एक ग्लोबल फाइनेंशियल और ट्रेड हब बनकर छा गया।


