राजनीति

बीजेपी ने उठाए सवाल-मनमोहन सिंह के निधन पर 7 दिन के शोक, फिर वियतनाम क्यों चले राहुल

नई दिल्ली: बीजेपी और कांग्रेस के बीच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद तीखी नोकझोंक जारी है। अब बीजेपी ने राहुल गांधी के वियतनाम दौरे पर सवाल उठाए हैं, जबकि कांग्रेस ने सरकार पर मनमोहन सिंह का अपमान करने का आरोप लगाया है। यह विवाद मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के स्थान और राहुल गांधी की नए साल के मौके पर विदेश यात्रा को लेकर शुरू हुआ। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है, तब राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने विदेश गए हैं।

शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘कांग्रेस को डॉ. मनमोहन सिंह की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने उनके जीवनकाल में उनका अपमान किया। अब भी कर रहे हैं। कल कोई भी उनकी अस्थियां लेने नहीं गया। कांग्रेस ने डॉ. मनमोहन सिंह को भारत रत्न देने से भी इनकार कर दिया। यही उनका असली चेहरा है।’ इस मामले में कांग्रेस ने सफाई देते हुए कहा कि पार्टी के नेता अस्थि विसर्जन के दौरान परिवार के साथ इसलिए नहीं गए क्योंकि वे शोक संतप्त परिवार को प्राइवेसी देना चाहते थे।

कांग्रेस की इस सफाई पर बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘पर्यटन का नेता’ कहा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लीडर ऑफ ओपोजिशन (LoP का मतलब बदलकर ‘लीडर ऑफ पार्टी’ और ‘लीडर ऑफ पर्यटन’ कर दिया है। जब देश पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुखी है, राहुल गांधी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘पर्यटन’ और पार्टी के लिए रवाना हो गए हैं। राहुल गांधी और पार्टी और ‘विदेशी पर्यटन’ कोई नई बात नहीं है। जब मुंबई में 26/11 का हमला हुआ था, तब भी राहुल गांधी पूरी रात पार्टी कर रहे थे। उन्हें डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की कोई चिंता नहीं है। उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर केवल सियासत करनी है।

अमित मालवीय ने भी राहुल के वियतनाम दौरे पर उठाए सवाल

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा, ‘जब देश प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है, राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने वियतनाम गए हैं। राहुल गांधी ने अपनी राजनीति के लिए डॉ. सिंह के निधन का राजनीतिकरण और शोषण किया, लेकिन उनके प्रति उनकी अवमानना की अनदेखी नहीं की जा सकती। गांधी परिवार और कांग्रेस सिखों से नफरत करते हैं। यह कभी मत भूलना कि इंदिरा गांधी ने दरबार साहिब को अपवित्र किया था।’

कांग्रेस सांसद का बीजेपी पर पलटवार

अमित मालवीय के ट्वीट पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ‘संघी कब ‘टेक डायवर्जन’ पालिटिक्स बंद करेंगे? जिस तरह से पीएम मोदी ने डॉ. साहब को यमुना तट पर अंतिम संस्कार के लिए जगह देने से इनकार कर दिया और जिस तरह से उनके मंत्रियों ने डॉ. साहब के परिवार को किनारे कर दिया, वह शर्मनाक है। अगर राहुल गांधी निजी तौर पर यात्रा करते हैं, तो इससे आपको परेशानी क्यों है? नए साल में स्वस्थ हों।’

बता दें कि मनमोहन सिंह का पिछले हफ्ते निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर किया गया।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button