छत्तीसगढ़

 कांकेर में पुलिस मुठभेड़ में दो महिला और तीन पुरुष नक्सली ढेर, दो जवान घायल

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर जिले के सीमा के अबूझमाड़ इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो रही है. पुलिस अधीक्षक आई के एलिसेला ने मुठभेड़ की पुष्टि की है. कोर इलाका होने के कारण जवानों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. अब तक इस एनकाउंटर में पांच नक्सली मारे गए हैं. बताया जा रहा है कि मौके से हथियार भी बरामद हुए हैं. फिलहाल मुठभेड़ जारी है. इस एनकाउंटर में दो जवान घायल हुए हैं. जिन्हें एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रायपुर लाया गया है.

सर्चिंग में हथियार और नक्सलियों के शव बरामद: सर्चिंग में हथियार और नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. कुल पांच वर्दीधारी नक्सलियों के शव को बरामद किया गया है. इनमें दो महिला नक्सली और तीन पुरुष नक्सलियों के शव हैं. INSAS और SLR रायफल समेत बड़ी मात्रा में नक्सलियों के कब्ज़े से हथियार को बरामद किया गया है. इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है. पुलिस और फोर्स ने अभी भी इलाके की घेराबंदी कर रखी है.

अबूझमाड़ टेकामेटा पुलिस नक्सली मुठभेड़ में अब तक पांच नक्सली मारे गए हैं. अभी नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है. सर्चिंग ऑपरेशन खत्म होने के बाद और जानकारी दी जाएगी: सुंदरराज पी, बस्तर आईजी

इस मुठभेड़ को लेकर कांकेर के एसपी ने भी मीडिया को जानकारी दी है. मुठभेड़ में दो जवान घायल हुए हैं. उन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सर्चिंग में अब तक 5 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं. बड़ी मात्रा में नक्सलियों के कब्ज़े से हथियार भी बरामद किए गए हैं. मुठभेड़ में 02 जवान घायल हुए है जिनकी स्थिति सामान्य है.दोनों खतरे से बाहर हैं. दोनों घायल जवानों को बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है. मुठभेड़ अभी भी जारी है.रुक-रुककर दोनों ओर से फायरिंग हो रही है- इंदिरा कल्याण एलेसेला, एसपी

संयुक्त अभियान में लगभग 1400 से ज्यादा जवान नक्सल ऑपरेशन में गए थे. 20 से 25 नक्सलियों के होने की खबर थी. सुबह 6 बजे के आसपास मुठभेड़ शुरू हुई. 5 नक्सलियों को मार गिराया गया. 2 जवान घायल हुए हैं. एक जवान को सिर में चोट लगी, एक जवान को पैर में गोली लगी. अभी भी मुठभेड़ चल रही है :जवान

अक्टूबर में हुए अबूझमाड़ मुठभेड़ में 38 नक्सली ढेर: इससे पहले 4 अक्टूबर को अबूझमाड़ के जंगल में छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन हुआ. नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए एंटी नक्सल ऑपरेशन में 31 नक्सली ढेर हुए. मुठभेड़ के दस दिन बाद 14 अक्टूबर को नक्सलियों ने बड़ा खुलासा किया. माओवादियों की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि 31 नहीं कुल 35 नक्सली ढेर हुए. इसके बाद 18 अक्टूबर को बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि मुठभेड़ में कुल 38 नक्सली मारे गए थे.

शुक्रवार को मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में मुठभेड़: वहीं शुक्रवार को राजनांदगांव से सटे मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. शाम 4 से 5 बजे के बीच ये मुठभेड़ हुई. खुर्सेकला जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद फोर्स सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई. जवान जब वापस कैंप की ओर लौट रहे थे तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवानों की जवाबी कार्रवाई और फोर्स को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से फरार हो गए. मुठभेड़ में DRG मानपुर,बसेली आईटीबीपी 44 वीं वाहिनीं एवं मदनवाड़ा कैंप आईटीबीपी 27 वीं वाहिनी के जवान मौजूद थे.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button