Guna News: जब शहर के बाजारों में अचानक निकल गए कलेक्टर, अधिकारियों को बुलाकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश..

गुना। (मिसबाह नूर): गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह ने जिले की कमान संभालने के बाद सबसे पहले प्रशासनिक अधिकारियों की निरंतर बैठकें लीं, इसके बाद अब वे जमीनी स्तर पर सक्रिय दिख रहे हैं। पहले जिला अस्पताल फिर रैन बसेरा और अब शनिवार को मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर सहित तमाम बाजारी क्षेत्रों का 2 घंटे तक भ्रमण करने के बाद कलेक्टर ने माना शहर में अतिक्रमण, यातायात, आवारा मवेशियों की समस्या है।
कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस शनिवार सुबह अचानक शहर का भ्रमण करने निकले। उनके साथ एसडीएम, तहसीलदार सहित नगरपालिका के सीएमओ भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने सबसे पहले सब्जी मंडी का जायजा लिया। यहां बैठक व्यवसाय करने वाले दुकानदारों और खरीदारी करने आए ग्राहकों की समस्या को समझते हुए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसके बाद कलेक्टर सदर बाजार, बापू पार्क, सुगन चौराहा जैसे व्यवसायिक क्षेत्रों में पहुंचे। इन सभी इलाकों में कलेक्टर ने अतिक्रमण और यातायात से संबंधित अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए स्थानीय अधिकारियों से कार्रवाई का रोडमैप तैयार करने की बात कही है। कलेक्टर ने यातायात नगर और बीजी रोड़ पुल के नीचे होने वाले आवागमन और लगने वालीं दुकानदारों की स्थिति का जायजा लिया।
लगभग 2 घंटे से ज्यादा समय तक शहर का भ्रमण करने के बाद कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस ने जल्द ही सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुलाकर शहर में यातायात और अतिक्रमण जैसी समस्याओं को सुधारने की बात कही है। इसके अलावा आवारा मवेशियों की समस्या से निजात दिलाने के लिए कलेक्टर गौशाला समितियों और पशु चिकित्सा विभाग को तलब करेंगे और उनके साथ रणनीति बनाएंगे। उम्मीद है कि इन दोनों ही महकमों को जल्द ही अपनी-अपनी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।



