भाई-बहन ने की ज्वेलरी दुकान में पिस्टल की नोक पर लूट पुलिस ने किया गिरफ्तार

धमतरी। जिले के नगर पंचायत भखारा के मुख्य बाजार में स्थित ज्वेलरी दुकान में बीते दिनों लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी युवक-युवती का मुंह बोले भाई-बहन है. दोनों आरोपी राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा इलाके के रहने वाले है.
बता दें कि, बुधवार 3 जनवरी को नगर पंचायत भखारा के मुख्य बाजार में स्थित राधा कृष्ण मंदिर के सामने दुर्गा ज्वेलर्स में तीन जनवरी को शाम सात बजे बाइक सवार एक युवक-युवती पहुंचे. इस दौरान युवक ने दुकान में बैठे ज्वेलर्स को कट्टा दिखाया और युवती वहां रखे ढाई लाख रुपये कीमत के रानी हार को लेकर भाग निकली. दूकान संचालक जस्सू सोनी ने बताया कि, युवक-युवती दोनों लुटेरे दुकान में आए और रानी हार दिखाने को कहा. जैसे ही उन्होंने हार दिखाया तो युवक ने उनके सामने कट्टा तान दिया और युवती हार लेकर भाग निकली, फिर युवक भी भाग गया. उन्होंने कुर्सी उठाकर दौड़ाते हुए उसे रोकने की कोशिश किया, लेकिन दोनों बाजू के गली से साहू भवन होते हुए भाग निकले. घटना की शिकायत ज्वेलर्स ने तत्काल भखारा थाने में दी.
इस लूट की वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक महोदय प्रशांत ठाकुर ने अज्ञात आरोपी की पतासाजी एवं आरोपी को पकड़ने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए, जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुरूद के.के. बाजपेयी के मार्गदर्शन में सायबर सेल तकनीकी और थाना भखारा की संयुक्त टीम ने संयुक्त रूप से आरोपियों की पतासाजी कर लूट की इस वारदात का भंडाफोड़ किया.



