टाटा ग्रुप की झोली में आएगी चिंग्स नूडल्स बेचने वाली कंपनी, ₹5,100 करोड़ में होगा कैपिटल फूड्स का अधिग्रहण

नई दिल्ली. टाटा ग्रुप (Tata Group) की झोली में 2 और कंपनियां आने वाली है. दरअसल, टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड यानी टीसीपीएल (TCPL) ने शुक्रवार को चिंग्स सीक्रेट और स्मिथ एंड जोन्स ब्रांड की मूल कंपनी कैपिटल फूड्स (Capital Foods) की 100 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण की घोषणा की. बता दें कि कैपिटल फूड्स 2 ब्रांड के तहत अपने फूड बेचती है- चिंग्स सिक्रेट और स्मिथ एंड जोन्स
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस अधिग्रहण से हेल्थ और वेलनेस प्रोडक्ट का एक प्लेटफॉर्म तैयार होगा. इससे चाय, हर्बल सप्लिमेंट और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों सहित जैविक प्रोडक्ट्स के उत्पादन का रास्ता साफ होगा. टाटा ग्रुप की एफएमसीजी कंपनी टीसीपीएल ने बयान में कहा कि वह फेज्ड मैनर से 5,100 करोड़ रुपये के एंटरप्राइज वैल्यू पर कैपिटल फूड्स में 100 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी.
ऑर्गेनिक इंडिया में 100 फीसदी हिस्सेदारी का भी अधिग्रहण करेगा टाटा ग्रुप
बयान के अनुसार, “कंपनी टार्गेट कंपनी की 75 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने पर सहमत हो गई है. टार्गेट कंपनी की शेष 25 फीसदी हिस्सेदारी 3 साल के भीतर ली जाएगी.” इसके अलावा, टीसीपीएल 1,900 करोड़ रुपये के एंटरप्राइज वैल्यू पर ऑर्गेनिक इंडिया में 100 फीसदी हिस्सेदारी का भी अधिग्रहण करेगी.



