भाजपा सदस्यता अभियान की प्रदेश प्रभारी ने ली समीक्षा बैठक, पार्टी गतिविधियों में सक्रिय सदस्यों को दिए जाएंगे दायित्व

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा सदस्यता अभियान की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश सदस्यता टोली और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ दो चरणों में सदस्यता अभियान की अब तक की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रकोष्ठ मोर्चा को बूथों की जिम्मेदारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय सदस्यों को ही दायित्व दिए जाएंगे।
सदस्यता अभियान की प्रदेश टोली की बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा सदस्यता अभियान में प्रत्येक मंडल इकाई में 200 से अधिक सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे, प्रदेश भर में एक लाख सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे और आने वाले समय में पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय सदस्यों को ही दायित्व दिए जाएंगे।
प्रदेश प्रभारी नवीन ने कहा कि निर्धारित अवधि में सदस्यता का लक्ष्य अर्जित करने, ज्यादा-से-ज्यादा प्रदेशवासियों को भाजपा की विचाधारा से जोड़ने, गली-गली और घर-घर पहुंचकर भाजपा के सदस्यता अभियान को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने के लिए इस अभियान को और तीव्र गति प्रदान के लिए कार्यकर्ता पूरे मनोयाग से जुट जाएं।
विदित रहे, प्रदेश में इन दिनों भाजपा का संगठन महापर्व सदस्यता अभियान तेज गति से चल रहा है और सभी कार्यकर्ता प्रदेश के लिए निर्धारित सदस्यता का लक्ष्य हासिल करने में जुटे हुए हैं। ज्ञातव्य है, अब तक प्रदेश में भाजपा की सदस्यता 10 लाख से अधिक हो चुकी है।



