वित्तमंत्री चौधरी ने देवेंद्र को बिहार का प्रभारी बनाए जाने पर कसा तंज

रायपुर। झारखंड दौरे से राजधानी लौटे प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने देवेंद्र यादव को बिहार का प्रभारी बनाए जाने पर कसा तंज। उन्होंने कहा कि देवेंद्र यादव ने छत्तीसगढ़ की शांत फिजा को अशांत करने का काम किया है। वित्तमंत्री एयरपोर्ट में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
बिहार का प्रभारी देवेंद्र यादव को बनाए जाने पर वित्त मंत्री चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अपराधीकरण को अपने सर्वोच्च स्तर पर ले गई है। देवेंद्र यादव ने छत्तीसगढ़ की शांत फिजा को असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर डिस्टर्ब करने का काम किया है।
झारखंड में मिली जिम्मेदारी को लेकर वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि भाजपा संगठन 365 दिन 24 घंटे काम करता है। झारखंड में चुनाव है तो वहां जाकर कार्य में सहयोग कर रहे हैं। पर्दे के पीछे रहकर हमको काम करना होता है। संगठन जो भी काम कार्यकर्ताओं को देता है, उसे प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाता है।



