घटिया मिठाई खाने से दो लोग हुए थे बीमार, खाद्य विभाग ने मनोज स्वीट्स पर मारा छापा

बिलासपुर। बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित मनोज स्वीट्स में . खाद्य विभाग की टीम ने दुकान में छापा मारा है. 4 सदस्यीय टीम ने अलग-अलग मिठाइयों का सैंपल लिया. प्राथमिक जांच में फूड आइटम को खुले में रखने, साफ-सफाई की कमी जैसी कई तरह की खामियां भी सामने आई है.
बता दें कि बीते गुरुवार को लोरमी के निवासी मुकेश साहू अपनी नवजात बच्ची के जन्म के उपलक्ष्य में मिठाई खरीदने मुंगेली नाका स्थित मनोज स्वीट्स पहुंचा था. दुकान से उसने 500 रुपये में आधा-आधा किलो दो तरह की मिठाई खरीदी. अस्पताल में नवजात बच्ची को देखने आए दो रिश्तेदारों को उसने मिठाई खिलाई. इसके 5 मिनट बाद वे उल्टियां करने लगे. जिसके बाद वह मिठाई लेकर होटल पहुंचा, तो पहले दुकानदार ने इनकार कर दिया, फिर अपने कर्मचारी पर पूरा ठीकरा फोड़ दिया. वहीं पीड़ित मुकेश ने पूरे घटनाक्रम और ट्रे में रखी फफूंद लगी मिठाई का वीडियो बना लिया था. पीड़ित के बनाए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रे में रखी मिठाइयों पर फफूंद साफ दिखाई दे रही है. इस घटना के बाद आज मनोज स्वीट्स में खाद्य विभाग ने दबिश दी है. वहीं खाद्य विभाग की टीम ने मिठाइयों का सैंपल लिया है. मामले में सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



