भारत बंद के दौरान समाज के लोगों ने अनिला भेड़िया के खिलाफ की नारेबाजी, BJP ने कांग्रेस पर कसा तंज

बालोद। सुप्रीम कोर्ट द्वारा SC आरक्षण में कोटा लागू करने की इजाजत के विरोध में दलित-आदिवासी संगठनों के भारत बंद आयोजित रैली और सभा में डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया को अपने ही समाज के लोगों से विरोध का सामना करना पड़ा। समाज के लोगों ने “अनिला भेड़िया वापस जाओ” के नारे लगाए, जिससे उन्हें बिना सभा को संबोधित किए वापस लौटना पड़ा। इस घटना पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा।
बीजेपी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इस घटना का वीडियो पोस्ट कर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “क्यों भूपेश जी, आप तो कहते थे कि हमारे शासनकाल में जनता खुश थी, लेकिन यहां तो कुछ उलट ही दिखाई दे रहा है। आपकी सरकार में मंत्री रही अनिला भेड़िया को जनता किस प्रकार से कार्यक्रम से भगा रही है। यह आपके शासनकाल के काले अध्याय को दर्शाता है कि आपके राज में जनता पूरी तरह से त्रस्त थी।”विधायक अनिला भेड़िया ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह विरोध नहीं, बल्कि कुछ व्यक्तिगत असंतुष्ट लोगों का काम था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा का षड्यंत्र है, जहां दो लोगों को सामने कर दिया गया और भाजपा के लोग पीछे रहे। भेड़िया ने कहा कि वे विधायक के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक तौर पर गई थीं। यह विरोध उन व्यक्तिगत लोगों का है जो पिछले 15 वर्षों से ऐसा कर रहे हैं, और उनकी बंपर वोटों से जीत इसका कारण है।



