बस हादसा में सीएम ने बच्ची की मौत पर दु:ख जताया , घायलों के बेहतर इलाज के लिए दिए निर्देश

रायपुर. बिलासपुर जिले में तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान ओवर ब्रिज के पास एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में सड़क दुर्घटना में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दु:ख प्रकट किया है.
सीएम साय ने ट्वीटर पर लिखा कि घटना में घायल हुए लोगों के इलाज की उचित व्यवस्था करने के लिए कलेक्टर को निर्देश दिए हैं. ईश्वर से दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ. गौरतलब है कि बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान ओवर ब्रिज के पास बिलासपुर से मस्तूरी जा रही 50 से अधिक लोगों से भरी बस के सामने एक बाइक सवार आ गया. उसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई. इसके बाद पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा भी टूटकर गिर गया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. हादसे में कई यात्रियों के सिर, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई है. इसके अलावा एक बच्ची की मौत हो गई है. वहीं 12 से ज्यादा बच्चे गंभीर रूप घायल हो गए हैं. घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराकर तोरवा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.



