30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा, मोदी सरकार ने दोबारा बुलाया संसद का सत्र

केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से संसद के दोनों सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है. प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा सत्र 30 नवंबर 2026 से और राज्यसभा सत्र 2 दिसंबर से शुरू होगा. वहीं 3 दिसंबर को दोनों सदनों की कार्यवाही समाप्त हो सकती है. संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर साफ किया कि यह संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही का ही हिस्सा है. हालांकि, यह कार्यक्रम सदन के कामकाज की जरूरतों पर निर्भर करेगा.
इस घोषणा के बाद कांग्रेस ने आगामी संसदीय बैठक के लिए अपनी रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को शाम 4.30 बजे दिल्ली में अपनी संसदीय समिति की बैठक बुलाई है. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में संभावित सत्र को लेकर पार्टी के रुख और तैयारियों पर चर्चा की जाएगी.
संसद की यह प्रस्तावित बैठक ऐसे समय में हो रही है जब सरकार की परिसीमन बिल और महिला आरक्षण लागू करने को लेकर बहस जारी है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी और प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को आगामी संसदीय बैठक के लिए तैयार रहने को कहा था.
महिला आरक्षण को चुनाव क्षेत्रों के परिसीमन से जोड़ने वाला संविधान संशोधन बिल इस साल 17 अप्रैल की विशेष सत्र में लोकसभा से पास नहीं हो पाया था. इसे जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था. इस बिल के गिरने के बाद से ही देश में परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर बहस तेज हो गई थी.
परिसीमन को लेकर चल रही बहस में यह संभावित प्रस्ताव भी शामिल है कि राज्यों में 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों के मौजूदा अनुपात हिस्से को बरकरार रखते हुए लोकसभा की कुल संख्या में 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी की जाए. इसके अलावा, यह सत्र एसआईआर को लेकर विपक्ष की चिंताओं के बीच भी हो रही है, जिस पर विपक्षी दलों द्वारा संसद में चर्चा की मांग किए जाने की उम्मीद है.



