अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन पर किए हमले, ड्रोन-मिसाइल ठिकानों को बनाया निशाना

रॉयटर, दुबई। पश्चिम एशिया में युद्ध का दायरा एक बार फिर बढ़ता जा रहा है। ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन पर हमले किए हैं। ईरान ने दावा किया कि उसने बीती रात कुवैत में अमेरिकी ड्रोन और मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाया। उसने होर्मुज स्ट्रेट में केशम द्वीप पर अमेरिकी हमले के जवाब में यह हमला किया।
सितंबर के बाद अमेरिका के इस सहयोगी खाड़ी देश पर तेहरान का यह पहला हमला है। ईरानी सेना ने बहरीन और जार्डन में भी अमेरिकी बलों को निशाना बनाकर हमले किए। हालांकि कुवैत और बहरीन ने ईरानी हमलों को नाकाम करने का दावा किया है।
बहरीन ने कहा कि उसने बुधवार को एक हफ्ते में तीसरी बार ईरानी हवाई हमलों को नाकाम किया। अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा बहरीन में तैनात है।
ईरानी सेना ने कहा कि उसने कुवैत के अली अल सलेम सैन्य अड्डे पर अमेरिकी ड्रोन और मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाया। इससे पहले मंगलवार शाम अमेरिका ने हवाई हमले किए थे।
एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने केशम द्वीप पर मिसाइल लांचिंग स्थल को निशाना बनाया। यह हमला अमेरिकी ठिकानों पर ईरानी हमलों के जवाब में किया गया।
ईरानी मीडिया ने एक अधिकारी के हवाले से कहा कि अमेरिकी हमले में बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं हुआ। सरकारी मीडिया की ओर से बुधवार को जारी वीडियो में ईरानी सेना के कमांडर-इन-चीफ आमिर हातमी ने अमेरिका को फिर चेतावनी दी।
उन्होंने कहा, ‘अगर दुश्मन गलती दोहराता है तो हमारे पास उसका और उसके समर्थकों को करारा जवाब देने और मुकाबला करने की पूरी तैयारी है।’ पश्चिम एशिया में ताजा हमलों से जाहिर होता है कि युद्ध समाप्त कराने के कूटनीतिक प्रयास कारगर नहीं हो रहे हैं।
वाशिंगटन पर डर्टी बम हमले का खतरा नहीं: रूबियो
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि उन्हें वाशिंगटन पर तत्काल किसी हमले का कोई खतरा नहीं दिख रहा है।
उन्होंने यह जवाब सीएनएन की एक रिपोर्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर दिया। इस रिपोर्ट में अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि ईरान ने अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन को निशाना बनाने के लिए ‘डर्टी बम’ या रासायनिक हथियार से हमले की योजना तैयार की है।
अमेरिका ने एक्सपायर्ड टॉमहॉक मिसाइलों का इस्तेमाल किया
अमेरिकी नौसेना ने यह स्वीकार किया है कि ईरान के साथ युद्ध के दौरान टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों समेत एक्सपायर हो चुके कई हथियारों का इस्तेमाल किया गया। इससे अमेरिकी हथियारों के भंडार की स्थिति और हथियारों की कमी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी नौसेना के कार्यवाहक सेक्रेटरी हंग काओ ने मंगलवार को सीनेट की सशस्त्र सेवा समिति के समक्ष यह बात कही।



