ब्रेबोर्न स्टेडियम से छिने WPL के सभी 11 मुकाबले, अब इस मैदान पर मचेगा घमासान

बीसीसीआई ने वूमंस प्रीमियर लीग 2027 के मुंबई लेग का वेन्यू बदल दिया है। मुंबई में होने वाले सभी 11 मुकाबले ब्रेबोर्न स्टेडियम की जगह वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे। इनमें नौ लीग मैच, एलिमिनेटर और फाइनल शामिल हैं। हालांकि, मैचों की तारीख और शेड्यूल नहीं बदला है। मुंबई लीग के मुकाबले 26 जनवरी से सात फरवरी, 2027 के बीच होंगे। फरवरी में होने वाली आईसीसी वूमंस चैंपियंस ट्रॉफी के कारण यह फैसला लिया गया है। ब्रेबोर्न स्टेडियम को भी इस टूर्नामेंट की मेजबानी करनी है। ऐसे में दोनों टूर्नामेंट के बीच पिचों को तैयार करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता।
आईसीसी के अनुरोध पर बदला वेन्यू
डब्ल्यूपीएल गवर्निंग काउंसिल ने 15 सितंबर को हुई बैठक में टूर्नामेंट के पांचवें सीजन के वेन्यू और तारीखों को मंजूरी दी थी। मुंबई लेग के मैच नंबर 12 से 20, एलिमिनेटर और फाइनल ब्रेबोर्न स्टेडियम में होने थे। हालांकि, ब्रेबोर्न स्टेडियम को 14 फरवरी से शुरू होने वाली वूमंस चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भी करनी है। डब्ल्यूपीएल का फाइनल सात फरवरी को होना है। ऐसे में दोनों टूर्नामेंट के बीच सिर्फ एक हफ्ते का अंतर है। पिचों को रिकवर होने के लिए पर्याप्त समय देने के मकसद से आईसीसी ने बीसीसीआई से ब्रेबोर्न में होने वाले मैचों को दूसरी जगह कराने का अनुरोध किया था। अब डब्ल्यूपीएल गवर्निंग काउंसिल ने वेन्यू बदलने का फैसला लिया।
वडोदरा में 14 जनवरी से टूर्नामेंट
डब्ल्यूपीएल 2027 का पांचवां सीजन 14 जनवरी से वडोदरा में शुरू होगा। यहां 24 जनवरी तक शुरुआती 11 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद टूर्नामेंट मुंबई पहुंचेगा, जहां बाकी 11 मैच होंगे।



