राष्ट्रीय

‘भारत में ज्यादा समय बिताएं’, किरेन रिजीजू की राहुल गांधी को सलाह; बताईं कुछ शर्तें

पीटीआई, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने बुधवार को राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कांग्रेस के लिए कुछ शर्तें बताईं।

उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दल ‘ज्यादा सांसद जिताना’ चाहता है, तो उसके वरिष्ठ नेता को भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और भारत विरोधी लोगों से मिलना बंद करना चाहिए। प्रधानमंत्री के साथ खुली बहस की मांग को लेकर रिजीजू गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं पर निशाना साधते रहे हैं।

बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सात शर्तें पूरी करें, तो कांग्रेस ‘ज्यादा सांसद जिता’ सकती है। इन शर्तों को तंज भरे अंदाज में गिनाते हुए रिजिजू ने कहा कि राहुल को भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और बार-बार गुप्त रूप से विदेश छुट्टियों पर जाने से बचना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस नेता से वरिष्ठों का सम्मान करने और भारतीय परंपरा के अनुसार बुजुर्गों से मूल्यवान सीख लेने को भी कहा। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने गांधी को भारत विरोधी लोगों से न मिलने और उनके एजेंडे को बढ़ावा देना बंद करने की सलाह भी दी।

चौथी शर्त के रूप में मंत्री ने गांधी से कहा कि वे भाजपा, आरएसएस और मोदी जी के प्रति गहरी नफरत खत्म करें और भाजपा को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानें, दुश्मन नहीं।

उन्होंने कांग्रेस नेता से संसद को अधिक गंभीरता से लेने और सांसदों को बहस और चर्चा में हिस्सा लेने देने को भी कहा।

उन्होंने आखिरी दो शर्तें गिनाते हुए कहा कि भारत के संविधान का सम्मान करें और संवैधानिक संस्थाओं का आदर करें। कांग्रेस पार्टी को लोकतांत्रिक पार्टी के रूप में काम करने दें और वंशवादी राजनीति खत्म करें।

इससे पहले दिन में रिजीजू ने संसद में अपने भाषण का एक वीडियो साझा किया था। उस समय विपक्षी नेता सदन से बाहर चले गए थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button