व्यापार

धनतेरस-दीवाली से पहले कीमतें धड़ाम, चांदी ₹8500 टूटकर ₹1.75 लाख पर आई; सोना कितना लुढ़का?

नई दिल्ली| Gold Silver News Today: धनतेरस और दीवाली से पहले सोने और चांदी में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। ग्लोबल मार्केट में सोना 1.5% और चांदी 3.50% तक टूट गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 1.38 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से नीचे चला गया।

चांदी 1.75 लाख के लेवल पर पहुंच गई। वहीं, मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में सोने की कीमत 700 रुपए की गिरावट दर्ज हुई और चांदी 2000 रुपए सस्ती हो गया। सवाल है कि आखिर दीवाली और धनतेरस से पहले गोल्ड और सिल्वर में गिरावट आई क्यों रही है? चलिए एक्सपर्ट्स से समझते हैं।

दिल्ली सराफा बाजार में क्या हैं ताजा रेट?

नई दिल्ली के सराफा बाजार में 24 कैरेट सोना 700 रुपए सस्ता हुआ और कीमत 1,41,800 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,42,500 रुपए प्रति 10 ग्राम (24 Karat gold price today) पर बंद हुआ था। सोने के साथ-साथ चांदी के तेवर भी ढीले पड़े हैं और चांदी 2,000 रुपए का बड़ा गोता लगाते हुए 1,86,000 रुपए से लुढ़ककर 1,84,000 रुपए प्रति किलोग्राम (silver price today) पर पहुंच गई है।

कॉमेक्स और MCX पर कहां पहुंचे दाम?

अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो वहां भी भारी दबाव देखा गया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक सोने और चांदी दोनों की ही कीमतों में रिकवरी देखने को मिली। कॉमेक्स पर शाम 7:30 बजे तक 3975 डॉलर प्रति औंस और चांदी 50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर दिखी। दिन के सत्र के दौरान चांदी 48 डॉलर तक गिर गई थी। जबकि सोना 3904 डॉलर तक पहुंच गया था।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स (MCX) पर 4 दिसंबर 2026 डिलीवरी वाला सोना शाम साढ़े 7 बजे तक रिकवर हो गया। सुबह के सत्र में इसमें 2323 रुपए गिरकर 1,37,863 रुपए के दिन के लो लेवल पर चला गया था। वहीं खबर लिखे जाने तक यह 1,40,094 रुपए पर कारोबार करता दिखा। पिछले दिन यह 1,40,186 रुपए (gold rate today) प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी की बात करें तो इसमें सुबह 8528 रुपए तक की भारी गिरावट दर्ज हुई और कीमत 1,75,251 रुपए के दिन भर के लो लेवल (silver rate today) पर चली गई। हालांकि खबर लिखने जाने तक यह रिकवर हो गई। कीमत 3074 रुपए सस्ती होकर 1,80,705 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी।

जानकारों का मानना है कि त्योहारी सीजन नजदीक होने के कारण घरेलू स्तर पर जल्द ही खरीदारी बढ़ सकती है, जिससे कीमतों को नीचे से सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।

आगे कैसी रहेगी गोल्ड-सिल्वर की चाल?

एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एंड करेंसी के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी का कहना है कि कारोबारियों की ओर से लगातार जारी मुनाफावसूली के कारण सोने में तेज गिरावट आई है और भाव करीब 1,800 रुपए घटकर 1,38,400 रुपए तक फिसल गए हैं, जबकि कॉमेक्स गोल्ड 3,910 डॉलर तक टूट गया। इस बिकवाली ने कीमतों को ओवरसोल्ड (Oversold) जोन के करीब ला दिया है।

तकनीकी तौर पर 1,42,000 रुपए एक बड़ा रेजिस्टेंस लेवल बना हुआ है। इस हफ्ते निवेशकों की नजर अमेरिकी चुनाव परिणामों, बेरोजगारी के आंकड़ों और नॉन-फार्म पेरोल (NFP) डेटा पर टिकी है, जो फेडरल रिजर्व की आगामी नीति की दिशा तय करेंगे।”

वहीं, कोटक नियो की कमोडिटी रिसर्च एवीपी कायनात चैनवाला के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने महंगाई की चिंताओं को फिर से हवा दे दी है, जिससे यह मजबूत उम्मीद बंध रही है कि अमेरिकी ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बनी रह सकती हैं।

यूएस मिड-टर्म चुनावों और अमेरिका-ईरान वार्ताओं के बीच भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण भी निवेशक बेहद सतर्क रुख अपना रहे हैं। आने वाले दिनों में क्रूड ऑयल की चाल और चुनावी नतीजे ही कीमती धातुओं की अगली दिशा तय करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button