छत्तीसगढ़

धर्म परिवर्तन को लेकर बवाल, मारपीट के आरोप में दो महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज, जानिए पूरा मामला…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में धर्म परिवर्तन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने दो महिलाओं पर परिवार को ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव डालने और इनकार करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि धर्म परिवर्तन के लिए सहमति नहीं देने पर परिवार के सदस्यों को परेशान भी किया गया। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि परिवार पर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत में दावा है कि उसकी छोटी बेटी का पहले ही धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों पर भी ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई।

पीड़ितों का आरोप है कि विवाद के दौरान मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। इसके अलावा घर में ताला लगाने और इलाज के लिए बाहर नहीं जाने देने की भी शिकायत की गई है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उसके 16 वर्षीय बेटे को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिया जा रहा था।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर विशाखा मसीह और दुलारी साहू के खिलाफ FIR दर्ज किया। पुलिस ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 2026 की धारा 16(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button