तकनीकी

Jio IPO: मुकेश अंबानी के जियो आईपीओ ने खुलने से पहले बना दिया रिकॉर्ड, एंकर इन्वेस्टर्स से ही 30 गुना ज्यादा मिली मांग

मुंबई: आज देश भर में दशहरा का त्योहार मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शेयर बाजार बंद है। लेकिन इससे पहले ही मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने रिकॉर्ड बना दिया। जी हां, इस कंपनी के आईपीओ पर दिग्गज निवेशकों ने बड़ा दांव खेला है। इसके 8,110 करोड़ की एंकर बुक के लिए 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की इंस्टीट्यूशनल डिमांड आई है। मतलब कि 30 गुने से भी ज्यादा की मांग। भारत में आईपीओ के इतिहास में आज तक किसी कंपनी के लिए इतनी इंस्टीट्यूशनल डिमांड नहीं आई थी।

एंकर इन्वेस्टर्स में कौन शामिल

जियो प्लेटफॉर्म्स के एंकर इंन्वेस्टर्स में देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम या एलआईसी के साथ एसबीआई म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड और निप्पॉन म्यूचुअल फंड जैसे बड़े घरेलू नाम शामिल हैं। इनके अलावा ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी, श्रोडर्स, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट और एलियांज जैसे ग्लोबल दिग्गजों ने भी इसमें भागीदारी की है। ये वैसे संस्थान हैं, जिन पर आम निवेशक भरोसा करते हैं और अपनी बचत और निवेश का बड़ा हिस्सा उन्हें सौंपते हैं।

इन्होंने भी जताया भरोसा

इस पर भरोसा जताने वालें में सिर्फ म्यूचुअल फंड ही नहीं, लंबी अवधि के निवेशक भी साथ दिखे। जीआईसी, एडीआईए, क्यूआईए और नॉर्गेस जैसे सॉवरेन फंड्स के साथ कैलिफोर्निया स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट, फ्लोरिडा रिटायरमेंट सिस्टम, एसबीआई पेंशन, एचडीएफसी पेंशन, आईसीआईसीआई पेंशन और यूटीआई पेंशन जैसे पेंशन फंड भी एंकर निवेशकों में शामिल रहे।

200 से भी ज्यादा संस्थाएं शामिल

बैंकिंग सूत्रों के मुताबिक इसके एंकर बुक में 200 से ज्यादा निवेशक संस्थाओं और फंड स्कीमों की भागीदारी रही है। ग्लोबल टेक्नोलॉजी स्पेशलिस्ट्स ड्रैगोनियर, जैनस हेंडरसन और नाइंटी वन ने भी हिस्सा लिया। वहीं एनाम, प्रेमजी और एचसीएल जैसे भारतीय फैमिली ऑफिस भी जियो आईपीओ के एंकर निवेशकों में शामिल हुए।


किनको कितना एलोकेशन

इसमें एलोकेशन की बात करें तो एलआईसी को 500 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा एलोकेशन मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद ब्लैकरॉक, कैपिटल इंटरनेशनल, फिडेलिटी मैनेजमेंट एंड रिसर्च, जीआईसी, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और एसबीआई म्यूचुअल फंड को करीब 425-425 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस आईपीओ में कुल एंकर बुक 8,110 करोड़ की थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button