नींद पूरी होने के बाद भी सुबह क्यों दुखता है सिर? कहीं बड़ी समस्या का संकेत तो नहीं, जानें कारण

Causes of Morning Headache: सुबह उठते ही सिरदर्द होना कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है. अक्सर लोग इसे थकान, तनाव या नींद पूरी न होने से जोड़कर देखते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेने के बाद भी सिर में दर्द क्यों होता है? यदि आप भी अधिकतर सिरदर्द के साथ उठते हैं, तो यहां जान लीजिए इसके पीछे की छिपी वजह क्या हो सकती है.
आमतौर पर सिर में दर्द नींद की कमी से होता है, लेकिन कई लोग रात भर सोने के बाद भी सुबह सिरदर्द के साथ उठते हैं. इससे ये तो साफ है कि सिर में दर्द हमेशा नींद की कमी से तो नहीं होता है, इसकी कई अन्य वजहें भी हो सकती हैं. ऐसे में अगर सुबह उठते ही सिरदर्द होना आपकी नियमित समस्या बन गई है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. आइए जानते हैं कि इसके पीछे कौन-कौन सी वजहें हो सकती हैं और किन लक्षणों में डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है.
रात में बार-बार आंख खुलना- सुबह सिरदर्द होने की एक आम वजह नींद की कमी या नींद का बार-बार टूटना है. अगर आप रात में देर से सोते हैं, आपकी नींद का समय नियमित नहीं है या बार-बार आंख खुल जाती है, तो सुबह सिर में भारीपन या दबाव जैसा दर्द महसूस हो सकता है. इसलिए पर्याप्त और अच्छी नींद लेना जरूरी है.
स्लीप एपनिया की समस्या- अगर आप सोते समय तेज खर्राटे लेते हैं, सुबह उठने पर तरोताजा महसूस नहीं करते या दिनभर नींद आती रहती है, तो ये स्लीप एपनिया का संकेत हो सकता है. इस समस्या में सोते समय सांस बार-बार रुकती है, जिससे शरीर में ऑक्सीजन का स्तर प्रभावित हो सकता है और नींद की गुणवत्ता खराब हो जाती है. इसके कारण सुबह सिरदर्द हो सकता है.
शरीर में पानी की कमी- दिनभर पर्याप्त पानी नहीं पीने, ज्यादा पसीना निकलने या शराब पीने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है. इसका असर अगली सुबह सिरदर्द के रूप में दिखाई दे सकता है. इसलिए पूरे दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है.
कैफीन और खाने की आदतें- समय पर खाना नहीं खाने, चाय-कॉफी पीने की आदत में अचानक बदलाव करने या दिन में देर से कैफीन लेने से भी सिरदर्द हो सकता है. इसलिए नियमित समय पर भोजन करें और कैफीन के सेवन पर ध्यान दें.
रात में दांत पीसना- कुछ लोग सोते समय अनजाने में दांत पीसते हैं या जबड़े को कसकर रखते हैं. इससे जबड़े, कनपटी और माथे में दर्द हो सकता है. अगर सुबह उठने पर जबड़े में दर्द या अकड़न महसूस होती है, तो इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए.
माइग्रेन और दर्द की दवाओं का ज्यादा इस्तेमाल- माइग्रेन से पीड़ित लोगों को नींद में गड़बड़ी, तनाव और दिनचर्या में बदलाव के कारण सुबह सिरदर्द हो सकता है. वहीं, बार-बार दर्द निवारक दवाएं लेने से भी सिरदर्द की समस्या बढ़ सकती है. इसे मेडिकेशन ओवरयूज हेडेक कहा जाता है.
इन संकेतों पर रखें नजर- सिर में दर्द कहां हो रहा है और कैसा महसूस हो रहा है, इससे इसकी वजह का अंदाजा लगाने में मदद मिल सकती है.अगर सुबह सिरदर्द बार-बार होता है, समय के साथ बढ़ रहा है या इसके साथ खर्राटे, जबड़े में दर्द, मतली या देखने में परेशानी होती है, तो डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए. सिरदर्द कब हुआ, कितनी देर नींद ली, चाय-कॉफी कितनी पी और कौन-सी दवाएं लीं, इन बातों को डायरी में लिखना भी उपयोगी हो सकता है.



