UP राज्यसभा चुनाव का आया रिजल्ट, भारतीय जनता पार्टी से 8 और समाजवादी पार्टी 2 सीटें जीती

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के चुनाव परिणाम आ गए हैं. सभी 10 सांसद निर्विरोध चुने गए हैं. भारतीय जनता पार्टी से 8 और समाजवादी पार्टी 2 सीटें जीती है. इन सभी 10 सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव प्रस्तावित थे हालांकि 10 सीटों पर 10 ही प्रत्याशी होने की दशा में चुनाव नहीं कराए गए.
अब राज्यसभा में सपा की कितनी सीटें?
नामांकन पत्रों की जांच के बाद नाम वापसी की तारीख औऱ समय बीतने के बाद नतीजे आ गए. अभी तक सपा के उच्च सदन में 4 सांसद थे. इसमें रामगोपाल यादव, जावेद अली, रामजी लाल सुमन और जया बच्चन थे. अब रामगोपाल यादव औऱ धनराज नथवानी के निर्वाचन के बाद सपा सांसदों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है.
सपा के अलावा यूपी से राज्यसभा जाने वाले बीजेपी नेताओं में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह, पार्टी ओबीसी विंग के प्रमुख प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्या सागर सोनकर और प्रियंका रावत, राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडे और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं.
निर्वाचन पर क्या बोले सपा नेता धनराज नथवानी
उधर, निर्विरोध निर्वाचन पर सपा सांसद धनराज नथवानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए मेरे निर्वाचित होने पर, मैं समाजवादी पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी का हृदयतल से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं.
सोशल मीडिया साइट एक्स पर नथवानी ने लिखा कि पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेतृत्व और माननीय विधायकों का अंतःकरण से आभार, जिन्होंने मुझ पर अटूट विश्वास जताया. उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अखिलेश के प्रगतिशील विज़न को संसद के पटल पर आगे बढ़ाने के लिए मैं पूर्णतः समर्पित रहूंगा.
उन्होंने लिखा कि शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान, 12 अक्टूबर को पूर्वाह्न में मैं विधिवत अपना विजय प्रमाण पत्र प्राप्त करूंगा. आप सभी के असीम स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद!
वहीं बीजेपी नेता और नवनिर्वाचित सांसद श्रुति गंगवार ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, मुझ पर इतना भरोसा जताने के लिए मैं पार्टी, केंद्रीय नेतृत्व और राज्य नेतृत्व की बहुत आभारी हूं. यह ज़िम्मेदारी और भरोसा सिर्फ़ मुझ पर ही नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी पर जताया गया है, और मैं पूरी ईमानदारी, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ इस ज़िम्मेदारी को निभाने के लिए काम करूंगी.’



