अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका: ओहियो में श्री स्वामीनारायण हिंदू मंदिर हमला, उपद्रवियों ने पत्थर मारकर तोड़े मंदिर के शीशे

वाशिंगटन। अमेरिका के ओहियो राज्य से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां ग्रेटर क्लीवलैंड इलाके में स्थित एक हिंदू मंदिर पर उपद्रवियों ने ईंटों से हमला कर दिया। जिस वक्त यह हमला हुआ, मंदिर के अंदर पुजारी और कई श्रद्धालु मौजूद थे।

‘कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ (CoHNA) संगठन के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर की है। ओहियो के रिचमंड हाइट्स में स्थित ‘श्री स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वड़तालधाम’ को निशाना बनाया गया।

हमलावरों ने ईंटों से किया हमला

बता दें कि हमलावरों ने मंदिर पर ईंटें फेंकी, जिससे मंदिर की खिड़कियों के कांच टूट गए। गनीमत यह रही कि हमले के वक्त किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की तत्काल कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

CoHNA ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। संगठन ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और स्थानीय पुलिस प्रशासन से इस कट्टरता के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने और दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

हिंदू हेरिटेज मंथ की शुरुआत के बीच हमला

संगठन ने दुख जताते हुए कहा कि यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका में हिंदू समुदाय के लोग ‘हिंदू हेरिटेज मंथ’ मनाना शुरू ही कर रहे हैं और जल्द ही नवरात्रि का पावन पर्व भी आने वाला है।

अमेरिका में मंदिरों पर पहले भी हुए हैं हमले

इस हमले के बाद CoHNA ने चिंता जाहिर करते हुए बताया कि अमेरिका में हिंदू मंदिरों और समुदाय के खिलाफ नफरत और हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस दौरान अपने बयान में संगठन ने पिछले कुछ वर्षों में हिंदू मंदिरों पर हुए हमलों का जिक्र भी किया। 

  • दिसंबर 2023-कैलिफोर्निया के नेवार्क में ‘एसएमवीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर’ की दीवारों पर आपत्तिजनक और नफरत भरे नारे लिखे गए थे।
  • सितंबर 2024- न्यूयॉर्क के मेलविले और कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो क्षेत्र में ‘BAPS’ मंदिरों में तोड़फोड़ की गई थी।
  • मार्च 2025- कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स स्थित BAPS मंदिर को भी नफरत भरे संदेश लिखकर बदरंग किया गया था।

गौरतलब है कि लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अमेरिका में रह रहे भारतीय और हिंदू समुदाय के लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button