अंतर्राष्ट्रीय

पाक में वाहनों की टक्कर में 9 लोगों की मौत, कोयला खदान में विस्फोट,चार मजदूरों की गई जान

Peshawar:  पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को एक बस और एक अन्य वाहन के बीच हुई टक्कर में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना करक जिले के अम्बेरी कल्ले चौक पर सिंधु राजमार्ग पर हुई, जिसमें एक वाहन और एक यात्री बस के बीच टक्कर हो गई। इसने बताया कि इस दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस और बचाव अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने दुर्घटना में नौ यात्रियों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि दुर्घटना में घायल यात्रियों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

पाकिस्तान में कोयला खदान में विस्फोट, कम से कम चार लोगों की मौत
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में मीथेन गैस से हुए विस्फोट के कारण एक कोयला खदान ढह गई, जिससे कम से कम चार खनिकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में आठ खनिकों के लापता होने की खबर है, जिन्हें बचाने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, बलूचिस्तान प्रांत में क्वेटा से लगभग 40 किलोमीटर दूर संजदी क्षेत्र में नौ जनवरी को एक कोयला खदान मीथेन गैस भरने से हुए विस्फोट के कारण ढह गई, जिससे 12 श्रमिक मलबे में दब गए। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने शनिवार को कहा, “यह घटना मीथेन गैस भरने के कारण हुई, जिससे विस्फोट हुआ और खदान ढह गई।” उन्होंने कहा कि बचाव अभियान 24 घंटे से अधिक समय से जारी है, लेकिन जहरीली गैस और मलबे की मौजूदगी के कारण इसमें बाधा आ रही है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button