अमरीका में जनवरी से अब तक 85000 वीजा रद्द, ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई, आठ हजार छात्रों पर गाज

एजेंसियां — वाशिंगटन, अमरीकी विदेश विभाग ने घोषणा की है कि इमिग्रेशन नियम कड़े करने के बाद जनवरी से अब तक 85,000 वीजा रद्द किए गए हैं, जो आव्रजन और सीमा सुरक्षा पर ट्रंप प्रशासन के रुख एवं रवैये को रेखांकित करता है। अमरीकी विदेश विभाग ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि जनवरी से अब तक 85,000 वीजा रद्द किए गए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रूबियो एक साधारण जनादेश का पालन कर रहे हैं और वे इस प्रक्रिया को जल्द रोकने वाले नहीं हैं। इस पोस्ट के साथ ही ‘मेक अमरीका सेफ अगेन’ नारे वाले पोस्टर लगाए गए।
विदेश विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, रद्द किए गए 85,000 वीजा सभी श्रेणियों के हैं। ये पिछले साल रद्द किए गए वीजा की संख्या से दोगुने से भी अधिक हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस आंकड़े में 8,000 से अधिक छात्र वीजा शामिल हैं। अधिकारी ने कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाना, हमला और चोरी जैसे अपराध पिछले साल वीजा रद्द होने के मामलों में ‘लगभग आधे के लिए जिम्मेदार थे। माना जा रहा है कि गाजा युद्ध के विरोध में प्रदर्शनों में शामिल अंतरराष्ट्रीय छात्रों को निशाना बनाने के लिए कथित तौर पर यह संशोधन किया गया है।



