छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम लेगा करवट: प्री-मानसून गतिविधियां तेज़, 21 जिलों में बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्री-मानसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है और राज्य में एक बार फिर झमाझम बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज़ हवाओं की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा अब छत्तीसगढ़ के बेहद करीब है, जिससे अगले कुछ दिनों में वर्षा गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, उनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर और मुंगेली शामिल हैं।

बारिश पर लगा था अस्थायी ब्रेक

मई महीने के आखिरी सप्ताह में अच्छी बारिश के बाद प्रदेश में कुछ दिनों के लिए बारिश थम गई थी। मौसम तंत्र की सुस्ती के चलते राज्यभर में तापमान में औसतन 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। वहीं पिछले पांच दिनों से मानसून नारायणपुर और कोंडागांव तक पहुंचने के बाद ठहर गया था।

थंडरस्टॉर्म का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए सूरजपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर सहित 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज़ गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है। जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा।

प्रदेश के लोगों को आगामी दिनों में तेज़ बारिश के लिए तैयार रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button