राजनीति

रेलवे की सीमेंस कंपनी के साथ 26000 करोड़ की डील…, कांग्रेस हुई आगबबूला; पीएम मोदी को भी घेरा

नई दिल्ली: कांग्रेस ने गुजरात के दाहोद में शुरू हुए 26 हजार करोड़ रुपये के लोकोमोटिव प्रोजेक्ट को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी प्रवक्ता व पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने सोमवार को मीडिया में कहा कि पीएम मोदी ने 26 मई को रेलवे के जिस लोकोमोटिव प्लांट का उद्घाटन किया, वह असल में सिर्फ ‘असेंबली प्लांट’ है, न कि मैन्युफैक्चरिंग प्लांट। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए थे कि दाहोद में 9,000 हॉर्स पावर वाले इंजनों का निर्माण होगा और हजारों नौकरियां पैदा होंगी, लेकिन असलियत में वहां सिर्फ बनी बनाई मशीनें जोड़ने और टेस्ट करने का काम होगा। असली मैन्युफैक्चरिंग तो सीमेंस की नासिक, औरंगाबाद और मुंबई की यूनिट्स में होगी।

कांग्रेस ने मेक इन इंडिया पर उठाए सवाल
कांग्रेस का सवाल था कि अगर असली मैन्युफैक्चरिंग नहीं हो रही तो फिर भारतीय रेल इंजीनियरों की ट्रेनिंग, तकनीकी ज्ञान और मेक इन इंडिया का वादा कहां गया? बृृजेन्द्र सिंह ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इसे अंग्रेजी में स्क्रू ड्राइवर टेक्नोलॉजी कहा जाता है, यानी केवल असेंबली। ठीक वैसे ही जैसे एपल मोबाइल्स के लिए भारत में होता है।

सीमेंस को ठेका दिए जाने की प्रक्रिया पर भी उठाया सवाल
वहीं, दूसरी ओर बृृजेन्द्र सिंह ने सीमेंस को यह ठेका दिए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इस 26,000 करोड़ रुपये के टेंडर में किन कंपनियों ने हिस्सा लिया, इसका खुलासा क्यों नहीं किया गया? क्या बॉम्बार्डियर या आल्सटॉम जैसी कंपनियों ने इसमें बिड डाली थी या नहीं? कांग्रेस ने बड़ा आरोप हितों के टकराव को लेकर लगाया है। इस मुद्दे पर सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा रेल मंत्री राजनीति में आने से पहले सीमेंस इंडिया में वाइस प्रेसिडेंट थे।

सीमेंस को रेलवे का अब तक का सबसे बड़ा ठेका कैसे मिल गया?कांग्रेस ने कहा कि ऐसे में सीमेंस को रेलवे का अब तक का सबसे बड़ा ठेका मिलना क्या एक महज संयोग है? वहीं कांग्रेस ने मांग की कि इस पूरे मामले पर संसद की एक जांच समिति बनाई जाए ताकि पारदर्शिता आ सके। पार्टी ने पूछा कि आखिर 26 हजार करोड़ खर्च करने के बाद भी भारत अपने ही इंजनों के अहम हिस्से क्यों नहीं बना पा रहा? वहीं पार्टी ने दावा किया कि सरकार का ‘मेक इन इंडिया’ मॉडल असल में ‘असेंबल इन इंडिया’ बनकर रह गया है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button