अंतर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

15 द्विपक्षीय बैठकें, दिल्ली ब्रिक्स में दिखा पीएम मोदी की कूटनीति का दम

नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का रविवार (13 सितंबर 2026) को समापन हो गया. समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिक्स समाधान का इकोसिस्टम है, जिससे पूरी दुनिया को उम्मीद है. पिछले 3 दिनों के भीतर सम्मेलन से इतर पीएम मोदी ने दुनिया भर के अलग-अलग देशों के राष्ट्रप्रमुखों और सरकार के प्रमुखों के साथ 15 द्विपक्षीय बैठकें की हैं. इसके अलावा पीएम मोदी ने कई अन्य वैश्विक नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संगठनों (जैसे संयुक्त राष्ट्र, वर्ल्ड बैंक आदि) के प्रमुखों से भी मुलाकात की.

चीन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने पर चर्चा

पीएम मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने, सीमा मुद्दों को सुलझाने, ट्रेड समेत कई मुद्दों पर बात हुई. दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि आपसी मतभेदों को विवादों में नहीं बदलना चाहिए और संबंधों को रणनीतिक ऊंचाई से देखना चाहिए. बैठक में दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार असंतुलन सप्लाई चेन की बाधाओं और एक-दूसरे के बाजारों तक बेहतर, भरोसेमंद पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया.

भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी पर दिया गया जोर

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम मोदी के बीच हुई बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, द्विपक्षीय व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने वेस्ट एशिया के संकट और समुद्री व्यापार सुरक्षा जैसे गंभीर वैश्विक मुद्दों पर बात की. नई दिल्ली घोषणापत्र में दुनिया भर के 15 अलग-अलग जंगों (जैसे फिलिस्तीन, सूडान, सीरिया) का जिक्र तो किया गया, लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध का कोई सीधा जिक्र नहीं है. विशेषज्ञों के अनुसार ब्रिक्स के अंदर सर्वसम्मति बनाए रखने और रूस के साथ भारत के संतुलित कूटनीतिक रिश्तों को देखते हुए यह फैसला लिया गया.

ईरान के साथ नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और पीएम मोदी के बीच भी द्विपक्षीय बैठक हुई. इसमें मिडिल ईस्ट संकट, चाबहार पोर्ट के जरिए ट्रेड कनेक्टिविटी, समुद्री व्यापारिक रास्तों की सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. यूएई के क्राउन प्रिंस के साथ पीएम मोदी की बैठक में ऊर्जा साझेदारी, मिडिल ईस्ट में स्थिरता, लोकल करेंसी में ट्रेड, द्विपक्षीय निवेश को बढ़ावा देना के मुद्दे पर बात हुई.

क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर इन देशों के साथ चर्चा

थियोपिया, मलेशिया, यूएई, वियतनाम, मिस्र और दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों के नेताओं के साथ क्रिटिकल मिनरल्स, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI), व्यापार और रक्षा में सहयोग पर चर्चा हुई. पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (WTO) की महानिदेशक और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख के साथ बैठक की. बैठक में अंतरराष्ट्रीय/बहुपक्षीय संस्थानों में जरूरी सुधारों पर बात की गई.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button