11 साल संबंध बनाए, फिर शादी से किया इनकार… जनपद पंचायत CEO पर युवती का गंभीर आरोप, रेप का केस दर्ज

नीमच: जावद के जनपद पंचायत सीईओ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सीईओ पर धार जिले के गंधवानी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। यह केस एक युवती ने दर्ज कराया है जिसके साथ सीईओ ने 11 साल तक संबंध बनाए हैं। युवती का आरोप है कि शादी का झांसा देकर बाद में शादी से मुकर गए। सीईओ का युवती के साथ शराब पीते हुए फोटो भी सामने आया है।
दरअसल, जावद जनपद पंचायत के सीईओ आकाश धार्वे पर लिव-इन पार्टनर ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। मामले की पुष्टि करते हुए गंधवानी थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। तो दूसरी तरफ सीईओ आकाश धार्वे ने सभी आरोपों को गलत बताया है।
5 महीने पहले हुआ था सीईओ का अपहरण
आज से ठीक 5 माह पहले 6 फरवरी 2025 को जावद जनपद के सीईओ आकाश धार्वे का अपहरण तहसीलदार और पांच पटवारियों ने मिलकर किया था। मैसेज वायरल होने पर उज्जैन के पास जनपद सीईओ को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाया था। सभी आरोपियों को नीमच कैंट पुलिस थाने लाई थी। जिसके बाद तहसीलदार सहित 5 पटवारी पर अपहरण, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।
5 माह बाद प्रेमिका ने दर्ज कराया केस
अपहरण के ठीक 5 महीने बाद 5 जून को धार जिले की रहने वाली महिला ने गंधवानी थाने पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिला ने शिकायत में बताया कि आकाश से पहली मुलाकात 2012-13 में हुई थी। उस समय वह गंधवानी थाना क्षेत्र में रहता था। बातचीत प्यार में बदली। दोनों लिव-इन में रहने लगे। 2019 में आकाश जनपद पंचायत का सीईओ बना। 2022 में उसकी पोस्टिंग नीमच में हुई। इसके बाद भी दोनों साथ रहे। इस दौरान कई बार शादी का वादा कर के सीईओ ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। दिसंबर 2024 में आकाश ने शादी से मना कर दिया। इसके बाद दोनों अलग हो गए।
शादी से इनकार करने पर गांव में बुलाई थी पंचायत
महिला ने बताया कि जब आकाश ने शादी से इनकार किया तो गांव में सामाजिक पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने दोनों को साथ रहने का फैसला सुनाया था। आकाश महिला को अपने गांव के घर ले गया। बाद में परिजनों ने महिला को वापस भेज दिया।
अपहरण की घटना झूठी
महिला ने शिकायत में बताया कि 6 फरवरी को आकाश ने खुद के अपहरण की झूठी कहानी बनाई। साजिश के तहत यह घटना बनाई गई। महिला ने बताया कि उस दिन आकाश ने खुद उसके परिजनों को शादी की बात करने बुलाया था। बाद में खुद के अपहरण की कहानी बना दी।
अपहरण की घटना झूठी
महिला ने शिकायत में बताया कि 6 फरवरी को आकाश ने खुद के अपहरण की झूठी कहानी बनाई। साजिश के तहत यह घटना बनाई गई। महिला ने बताया कि उस दिन आकाश ने खुद उसके परिजनों को शादी की बात करने बुलाया था। बाद में खुद के अपहरण की कहानी बना दी।
अपहरण मामले में 13 पर हुई थी एफआईआर
6 फरवरी 2025 को उज्जैन-नागदा रोड पर आकाश धार्वे का अपहरण होने की सूचना सामने आई थी। जिसके बाद नागदा में उज्जैन और नीमच पुलिस ने घेराबंदी कर धार्वे को छुड़ाया था। इस मामले में बेटमा तहसीलदार जगदीश रंधावा सहित 5 पटवारी, एक महिला समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।
शिकायत की जानकारी नहीं
पूरे मामले में जनपद सीईओ आकाश धार्वे ने बताया कि अपहरण का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। लिव-इन या यौन शोषण जैसी किसी भी शिकायत की उन्हें जानकारी नहीं है।
फोटो, वीडियो वायरल
सीईओ पर एफआईआर दर्ज होने के बाद महिला के साथ सीईओ आकाश का शराब पीते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। इसके अलावा जिस सामाजिक पंचायत की बात महिला कह रही है। उसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें महिला पंचायत के लोगों के सामने आकाश धार्वे पर आरोप लगा रही है।



