खेल

 विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा ने भी T20I से लिया संन्यास

 दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत के दो दिग्गज बल्लेबाजों ने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी. मैच के तुरंत बाद विराट कोहली ने कहा कि यह भारत के लिए मेरा आखिरी टी20 मैच था. वहीं, पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपने टी20 रिटायरमेंट की घोषणा कर सभी को चौंका दिया.

 टीम इंडिया के दो सबसे बड़े दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा कर दी. मैच के तुरंत बाद विराट कोहली ने कहा कि वह जो पाना चाहते थे, वह पा लिया. यह उनका भारत के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच था. इसके कुछ ही घंटों बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने भी टी20 आई से संन्यास की घोषणा कर दी. भारत के कप्तान ने आधिकारिक पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की. भारत के विजयी अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले रोहित ने पुष्टि की कि वह वनडे और टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगे. पूरी टीम के लिए यह एक बेहद भावुक क्षण था.

सूर्या के कैच ने जीताया मैच

भारत ने बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक तरह से हारी हुई बाजी जीत ली और वर्ल्ड कप भारत ले आए. एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत वनडे वर्ल्ड कप हारने के 9 महीने के अंदर टी20 वर्ल्ड कप भी हारने वाला है, लेकिन जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांडया ने मैच में भारत की वापसी करा दी. सूर्यकुमार यादव के योगदान को कोई नहीं भूल सकता. उन्होंने बाउंड्री पर जिस अंदाज में डेविड मिलर का कैच पकड़ा, वह अद्भुत था. उनकी इस कैच ने मैच का रुख बदल दिया. यह कैच ऑफ द मैच साबित हुआ.

अलविदा कहने का इससे बेहतर मौका नहीं होगा : रोहित

सुपर 8 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 41 गेंद पर 92 रन बनाने वाले रोहित शर्मा ने कहा कि वह खिताब के लिए ‘बेताब’ थे. उन्होंने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह मेरा आखिरी मैच भी था. अलविदा कहने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता. मैं यह ट्रॉफी बहुत चाहता था. इसे शब्दों में बयां करना बहुत मुश्किल है. यह वही है जो मैं चाहता था और यह हुआ. मैं अपने जीवन में इसके लिए बहुत बेताब था. खुश हूं कि हमने इस बार लक्ष्य हासिल कर लिया. उनकी यह घोषणा भारत के दूसरे टी-20 विश्व कप खिताब जीतने के तुरंत बाद आई, एक ऐसी जीत जिसने देश को अपार खुशी और गौरव प्रदान किया.

रोहित शर्मा का रिकॉर्ड

उनके संन्यास से उनके शानदार टी20I करियर का अंत हो गया है, जिसके दौरान वे इस फॉर्मेट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने. उन्होंने 159 मैचों में 4231 रन बनाए. उनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा 5 शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है. उनका टी20I सफर 2007 में पहले टी20 विश्व कप से शुरू हुआ, जहां वे भारत की पहली खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ी थे. अब, कप्तान के तौर पर उन्होंने भारत को अपना दूसरा खिताब दिलाया है, जिससे उनकी विरासत और मजबूत हुई है.

मैच का हाल

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 176 रन बनाए. भारतीय गेंदबाजों को इसी का बचाव करना था और उन्होंने किया. विपक्षी टीम को आखिरी 30 गेंदों पर 30 रनों की जरूरत थी और ऐसा लग रहा था कि वे जीत के लिए तैयार हैं. लेकिन जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने मैच का रुख बदल दिया. पांड्या ने खास तौर पर अंतिम ओवर में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 16 रनों का बचाव करते हुए दो विकेट चटकाए और केवल 7 रन दिए. एम नाटकीय अंत के बाद भारत विश्व विजेता बन गया.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button