रोहतास में 20 जून को लगेगा रोजगार मेला, 8वीं पास युवाओं को भी मिलेगी 20000 वाली नौकरी

रोहतास: डालमियानगर स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय के तत्वावधान में 20 जून 2025 को एक दिन का रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है. यह रोजगार मेला उन बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका है, जो तकनीकी योग्यता होने के बावजूद नौकरी की तलाश में हैं और निजी क्षेत्र में काम करना चाहते हैं.
वेलस्पन इंडिया का चयन
इस कैंप में देश की जानी-मानी कंपनी वेलस्पन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भाग लेगी. यह कंपनी ऑटोमोबाइल सेक्टर में कार्यरत है और मशीन ऑपरेटर के 10 पदों पर सीधी भर्ती करने जा रही है. चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति गुजरात में होगी.
वेलस्पन इंडिया द्वारा चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 13500 से 20000 रुपए तक का वेतन (CTC) मिलेगा. इसके अलावा, कंपनी आवास, परिवहन भत्ता और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान करेगी. यह अवसर विशेष रूप से उन युवाओं के लिए है, जिन्होंने 8वीं, 10वीं, 12वीं या ITI तक की शिक्षा प्राप्त की है और स्थायी करियर की तलाश में हैं.
इस रोजगार मेले में भाग लेने के लिए आवेदकों की आयु 18 से 30 साल के बीच होनी चाहिए. साक्षात्कार में भाग लेने के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, 2 पासपोर्ट साइज फोटो और शैक्षणिक प्रमाण पत्र की मूल और छायाप्रति लाना अनिवार्य है.
फ्री में होगा पंजीकरण
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह रोजगार कार्यशाला पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा. यह पहल सरकार और नियोजनालय की उस सोच का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार दिलाया जा सकेगा.
अभ्यर्थियों से हुई ये अपील
नियोजनालय ने जिले के सभी योग्य और इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियत तिथि को समय पर नियोजनालय, डालमियानगर पहुंचे और इस साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल होकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं



