रोजगार मेले में 59 युवाओं को मिली नौकरी, 83 विद्यार्थियों को अप्रेंटिस का मौका

सोनीपत। युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए जिला रोजगार कार्यालय की तरफ से बुधवार को रोजगार मेला गया गया। सोनीपत व खरखौदा स्थित आईटीआई में लगाए गए रोजगार मेले में 13 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के आधार पर नौकरी के लिए 59 युवाओं का चयन किया गया। इसमें सोनीपत आईटीआई में 30 और खरखौदा में 29 युवाओं का चयन किया गया है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सोनीपत में रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 140 युवाओं ने भाग लिया। यहां पांच कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया और 30 युवाओं का मौके पर ही चयन किया गया।
इन कंपनियों में पुखराज हेल्थ केयर, आइसीआइसीआइ बैंक, पीएसएन व अन्य कंपनियां शामिल रहीं। इस दौरान सहायक रोजगार अधिकारी कनव वनायक, आंकड़ा सहायक अजीत, लिपिक सागर, सुमित व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
खरखौदा में 29 का रोजगार के लिए चयन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खरखौदा में पास आउट विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्राचार्य संदीप कुमार अहलावत की अध्यक्षता में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 13 औद्योगिक प्रतिष्ठानों (कंपनियों) के प्रतिनिधी पहुंचे।
मेले में 83 विद्यार्थियों को अप्रेंटिस व 29 युवाओं का साक्षात्कार के आधार पर नौकरी के लिए चयन किया गया। प्राचार्य ने बताया कि खरखौदा में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र की वजह से यहां युवाओं के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
विभाग का लक्ष्य रोजगार मेले का आयोजन करके युवाओं को रोजगार मुहिया करवाना है, ताकि आईटीआई करने के बाद कोई बेरोजगार ना रहे। इस दौरान राजेंद्र नांदल, शमशेर गर्ग, जोगिंदर, राजेश गौतम सहित अन्य आईटीआई स्टाफ मौजूद रहा।
रोजगार मेलों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए समय-समय पर रोजगार मेले लगाए जाते हैं, जिनका युवाओं को लाभ मिल रहा है। आईटीआई पास युवाओं को रोजगार प्राप्ति के लिए ऐसे अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।



