मुंबई के Z ड्रग्स सिंडिकेट की ‘क्वीन’ निकली यूपी की वॉन्टेड मॉडल श्रद्धा दुबे

मुंबई: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में चर्चित बिजनेसमैन और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत के मामले में वॉन्टेड मॉडल श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी से मुंबई में मॉडलिंग की आड़ में कथित ड्रग्स नेटवर्क को लेकर भी जांच की नई कड़ी सामने आई है। यूपी पुलिस की 50 हजार रुपये की इनामी श्रद्धा को यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने नागपुर के एक होटल से मंगलवार दोपहर गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह आगरा से फ्लाइट लेकर मुंबई पहुंची थी और फिर नागपुर चली गई। उसके साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश को भी गिरफ्तार किया गया है। अब जांच एजेंसियों की नजर उसके कथित मुंबई कनेक्शन पर है।
मॉडलिंग से कथित ड्रग्स कारोबार तक पहुंच
मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा ने मुंबई में मॉडलिंग और ग्लैमर की दुनिया से अपनी पहचान बनाई थी। वह बांद्रा और अंधेरी इलाके में सक्रिय थी। उसके मॉडलिंग पेशे से कई महिलाएं जुड़ी थीं जो बाद में Z ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा बन गईं। सोशल मीडिया पर Z सिंडिकेट के सरगना जुल्फिकार बेहलीम के साथ वायरल विडियो में श्रद्धा कारोबार करने की भी बात करती दिखती है। सूत्र बताते हैं, Z गैंग से जुड़ने के दौरान हुई कमाई से वह लोनावाला में रिसॉर्ट खरीदने की तैयारी कर रही थी, लेकिन Z गैंग के सरगना से अनबन और ब्रेकअप के बाद उसने खुद ही लोनावाला में संपति खरीदना चाहती थी जिसके लिए उसने एक पुलिस अधिकारी से बात की थी। श्रद्धा के संपर्क में कई बड़े पुलिस अधिकारियों के होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
बांद्रा के Z गैंग से क्या है कनेक्शन?
बांद्रा के कथित Z गैंग से श्रद्धा के संबंधों की चर्चा अरसे से मुंबई में हो रही है। लेकिन, मुंबई पुलिस के कुछ आला अधिकारियों से करीबी होने के कारण कोई खुलकर कुछ नहीं बता रहा था। लेकिन पिछले दिनों जुल्फिकार बेहलीम और अब श्रद्धा की गिरफ्तारी से कई बातें खुलकर सामने आ सकती हैं। सरगना जुल्फिकार बेहलीम को मुंबई क्राइम ब्रांच गिरफ्तार कर चुकी है। उसके खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई और 25 लाख रुपये की कथित वसूली का मामला दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गैंग पर महिलाओं के जरिए ड्रग्स नेटवर्क संचालित करने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। श्रद्धा के जुल्फिकार से कथित करीबी संबंधों और नीलोफर, शबाना तथा नरगिस नाम की महिलाओं से संपर्क की जानकारी भी जांच के दायरे में है। इनमें से नीलोफर को बांद्रा एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने तीन दिन पहले ही NDPS में गिरफ्तार किया था।
मुंबई पुलिस भी कर सकती है पूछताछ
मुंबई पुलिस द्वारा भी वांटेड श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद उसके कथित ड्रग्स कनेक्शन और Z गैंग के सदस्यों से संबंधों के बारे में पूछताछ किए जाने की संभावना है। हालांकि, उसके खिलाफ इन आरोपों की पुष्टि और मुंबई के ड्रग्स सिंडिकेट में उसकी कथित भूमिका जांच का विषय है। लेकिन, UP STF की पूछताछ में मुंबई के कथित ड्रग्स नेटवर्क की नई परतें खुलने और Z ड्रग्स सिंडिकेट के दबे राज सामने आने की संभावना जताई जा रही है।



