मंदिर में जल रहे दीये से घर में लगी आग, मासूम की मौत

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर सुगामऊ इलाके में शुक्रवार रात घर में लगी आग से बेड पर सो रही मासूम बच्ची की मौत हो गई। साथ में सो रही बड़ी बहन घर से निकली और आस-पड़ोस के लोगों से मदद की गुहार लगाई।
परिवारीजनों के मुताबिक, घर में मंदिर में जल रहे दीये से परदे में आग लगी थी। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय माता-पिता सब्जी लेने गए थे। घर पर दोनों बच्चे अकेले थे।
इंदिरा नगर के तकरोही में सुगामऊ स्थित डूडा कॉलोनी निवासी सुमित पत्नी शिल्पी, बड़ी बेटी पंखुड़ी और छोटी अविका (5)के साथ रहते हैं। वह प्राइवेट वाहन चालक हैं। बड़ी बेटी पंखुड़ी कक्षा-2 की छात्रा है, जबकि अविका-केजी की छात्रा थी। सुमित ने बताया कि शुक्रवार रात पत्नी ने दोनों बेटियों को सुला दिया था। इसके बाद रात 9 बजे सुमित अपनी पत्नी शिल्पी के साथ मंडी में सब्जी खरीदने चले गए। घर के दरवाजे वह भिड़ा कर ही गए थे। उन्होंने बताया कि पत्नी ने पूजा की थी। मंदिर में दीया जल रहा था। उसी दीये से परदे में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
पंखुड़ी ने बताया कि आग की लपटों से उसकी आंख खुल गई। उसने अविका को जगाने का प्रयास किया, पर वह उठी नहीं। पंखुड़ी मदद मांगने के लिए घर से बाहर भागी। आस-पड़ोस के लोगों ने आग बुझाना शुरू किया। इसी बीच सुमित पत्नी के साथ घर पहुंचे। आग बुझाने के बाद सुमित घर के अंदर दाखिल हुए। देखा तो अविका काफी झुलस गई थी। वह उसे लेकर लोहिया संस्थान लेकर पहुंचे, वहां डॉक्टर ने अविका को मृत घोषित कर दिया।



