बिहार में कार का कोहराम, सड़क किनारे कीर्तन कर रहे 6 लोगों को रौंदा, 4 की मौत

सुपौल: बिहार के सुपौल में बेकाबू कार ने कोहराम मचा दिया। नेशनल हाईवे 327 ई पर स्थित कटैया निर्मली चौक के पास मंगलवार रात एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। पिपरा प्रखंड क्षेत्र में स्थित बजरंग बली मंदिर के समीप स्थानीय ग्रामीण झूलन महोत्सव के मौके पर भक्तिभाव के साथ भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान करीब रात नौ बजे पिपरा से सुपौल की ओर जा रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। कार की सीधी टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। इस भीषण दुर्घटना में चार की जान चली गई और दो लोग जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
बेकाबू कार ने श्रद्धालुओं को रौंदा
झूलन उत्सव के चलते मंदिर परिसर के निकट दर्जनों श्रद्धालु कीर्तन में मग्न थे। अचानक आई तेज रफ्तार कार ने वहां मौजूद छह लोगों को बारी-बारी से रौंद दिया। टक्कर मारने के बाद वाहन की गति इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
गंभीर रूप से घायल दो लोगों को सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना से आक्रोशित भीड़ ने सुपौल निवासी कार चालक को पकड़कर मृतक राजो दास के घर में बंद कर दिया।
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार
हादसे में 4 की मौत, 2 जख्मी
- मृतक: भुवनेश्वर यादव (कटैया वार्ड 11), तीलाय दास (65 वर्ष, वार्ड 12), राजो दास (40 वर्ष, वार्ड 12) और सुरेन यादव (35 वर्ष, वार्ड 15)।
- गंभीर घायल: कुशेश्वर यादव और रामचंद्र यादव (दोनों कटैया वार्ड 11 निवासी), जिनका इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
उग्र भीड़ ने चालक को बनाया बंधक
हादसे से लोगों का गुस्सा भड़क उठा। सुपौल निवासी कार मालिक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ लौट रहा था। आक्रोशित भीड़ ने कार चला रहे शख्स को पकड़कर मृतक राजो दास के घर में बंद कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद भी भीड़ उग्र रही और आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया।
पुलिस-प्रशासन ने हालात को संभाला
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा और घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया। पुलिस-प्रशासन की टीम उग्र भीड़ को शांत कराने और बंधक चालक को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया।
कटैया निर्मली चौक पर हादसा
दरअसल, नेशनल हाईवे 327 ई के किनारे बजरंग बली की मंदिर है। वहीं पर रात में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया था। लोगों की काफी भीड़ थी। कार चला रहा शख्स स्पीड पर काबू नहीं रख पाया। छह लोगों को रौंद दिया। इनमें चार की मौके पर भी मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। यह दर्दनाक हादसा पिपरा प्रखंड अंतर्गत कटैया निर्मली चौक पर हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि झूलन महोत्सव को लेकर दर्जनों लोग भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी क्रम में पिपरा से सुपौल की ओर जा रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने छह लोगों को बारी-बारी से कुचल डाला।



