पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने पहुंचाया नुकसान, भाजपा ने एफआईआर दर्ज करवाने की बात कही

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने खंडित कर दिया है. इस घटना से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा ने इस पर कड़ी निंदा करते हुए एफआईआर दर्ज करवाने की बात कही है.
दरअसल धमतरी जिले के कुर्रा गांव में स्थापित भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है. ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार देर रात तक यह मूर्ति सही सलामत थी, लेकिन देर रात सुनसान का फायदा उठाकर शरारती तत्वों के द्वारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया है. इससे भारतीय जनता पार्टी और गांव वालों में काफी आक्रोश है. मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है.
भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण कुछ माह पूर्व हुआ था. छत्तीसगढ़ के जन्मदाता स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने देश के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया. ऐसे महापुरुष की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना एक आपराधिक कृत्य है और बेहद शर्मनाक घटना है.
रामू रोहरा ने कहा कि हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं. पुलिस प्रशासन से मांग करते हैं कि ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्यवाही करते हुए तत्काल उसकी गिरफ्तारी की जाए. रामू रोहरा ने यह भी कहा कि उन्होंने एफआईआर दर्ज करवाने के लिए मण्डल अध्यक्ष को निर्देश दिया है.
हमें लोगों की तरफ से सूचना मिली थी कि पूर्व पीएम स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है. उस पर हमारी टीम वहां पहुंचकर जांच कर रही है- उमाकांत तिवारी, उप निरीक्षक, धमतरी पुलिस



