पासवर्ड नहीं अब ये तरीका है ज्यादा सुरक्षित?

आज के समय में स्मार्टफोन, बैंकिंग ऐप, ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड सबसे जरूरी तरीका माना जाता है. नॉर्मली लोगों का मानना है कि जितना लंबा पासवर्ड उतना ज्यादा अकाउंट सुरक्षित. लेकिन स्मार्टफोन की सिक्योरिटी में मामला थोड़ा अलग हो जाता है. दरअसल, कई कंडिशन में मजबूत PIN, लंबे पासवर्ड से बेहतर सुरक्षा देता है. आखिर ऐसा क्यों है और बड़ा पासवर्ड क्यों नहीं रखना चाहिए. आइए जानते हैं पूरी सच्चाई.
हमेशा बेहतर नहीं होता लंबा पासवर्ड
आपको बता दें कि लंबे पासवर्ड से आप साइबर हमलों से बच सकते हैं लेकिन वो भी तब जब आपने अलग-अलग अक्षरों, नंबरों और चिन्हों से पासवर्ड तैयार किया है. लेकिन स्मार्टफोन को अनलॉक करने के लिए लंबा पासवर्ड बेहतर नहीं माना जाता है.
स्मार्टफोन का पासवर्ड या PIN केवल टेक्निकल मजबूती पर निर्भर नहीं करता है बल्कि इस बात पर भी निर्भर करता है कि उसे इस्तेमाल करना कितना आसान है. बहुत मुश्किल पासवर्ड को याद रखना मुश्किल होता है. ऐसे में यूजर उसे कहीं लिख सकता है, नोट्स ऐप में सेव कर सकता है या दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर कर सकता है. इससे कई बार फोन की सिक्योरिटी पर खतरा बना रहता है.
PIN क्यों होता है ज्यादा सुरक्षित?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एक अच्छा PIN छोटा होने के बावजूद भी स्मार्टफोन के लिए एक बेहतर ऑप्शन साबित हो सकता है. खासकर एडवांस स्मार्टफोन में PIN को बार-बार गलत डालने पर सेफ्टी सिस्टम एक्सट्रा देरी, लॉकआउट या दूसरे सुरक्षा नियम को लागू कर सकता है.
इसके अलावा, PIN टाइप करना ज्यादा आसान होता है जिससे यूजर को इसे कहीं भी लिख कर रखने की जरूरत नहीं पड़ती है. इसी वजह से स्मार्टफोन के लिए एक छोटा पिन भी काफी माना जाता है.
असली खतरा कमजोर PIN से है
हालांकि, कमजोर पिन रखने से भी आपका स्मार्टफोन खतरे में पड़ सकता है. इसीलिए एक्सपर्ट्स हमेशा सलाह देते हैं कि कभी भी अपने फोन के लिए आसान पिन जैसे 1234, 0000, 1111 का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
बता दें कि अगर आपके फोन में ज्यादा लंबे पिन का ऑप्शन मौजूद है तो ज्यादा अंकों वाला PIN चुनना बेहतर ऑप्शन माना जाता है. PIN ऐसा रखें जिसे दूसरे लोग आपके बारे में नॉर्मल जानकारी से अनुमान न लगा सकें.
पासवर्ड कब ज्यादा जरूरी है?
बता दें कि पिन सिर्फ स्मार्टफोन को अनलॉक करने के लिए ही इस्तेमाल करना चाहिए. वहीं, ऑनलाइन अकाउंट, ईमेल और वेबसाइटों के लिए मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड रखना ही सबसे बेहतर ऑप्शन माना जाता है. इन जगहों पर लंबा और यूनिक पासवर्ड आपके अकाउंट को ज्यादा सेफ्टी प्रदान करता है. इसके अलावा पासवर्ड के साथ Two-Factor Authentication (2FA) को भी एक्टिव रखना चाहिए जो आपके अकाउंट को एक एक्सट्रा सेफ्टी लेयर उपलब्ध कराता है.



