दो साल का बैन काफी नहीं, डकेट के हटने पर भडक़े सुनील गावस्कर

नई दिल्ली,भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने आईपीएल से आखिरी समय पर नाम वापस लेने वाले खिलाडिय़ों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। गावस्कर का मानना है कि मौजूदा दो साल के बैन का नियम खिलाडिय़ों को नीलामी में चुने जाने के बाद टूर्नामेंट से हटने से रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है। गावस्कर की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब कई बड़े विदेशी खिलाड़ी वर्कलोड मैनेजमेंट या निजी कारणों का हवाला देकर आईपीएल से हट रहे हैं। गावस्कर ने कहा कि बीसीसीआई को इस मामले में ज्यादा प्रभावी सजा पर विचार करना चाहिए।
गावस्कर ने कहा, इस पर बीसीसीआई को भी सोचने की जरूरत है, क्योंकि दो साल का बैन साफ तौर पर काम नहीं कर रहा है। आपको ऐसी सजा पर विचार करना होगा, जिसका खिलाडिय़ों पर असर पड़े। जब तक किसी खिलाड़ी के लिए आईपीएल में वापसी की संभावना पर असर नहीं पड़ेगा, तब तक यह नियम कारगर नहीं होगा। दुनिया भर के बड़े खिलाडिय़ों को आकर्षित करने वाले आईपीएल के सामने अब यह चुनौती है कि वह विदेशी खिलाडिय़ों की जवाबदेही और प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के के लिए अपने नियमों की दोबारा समीक्षा करे।



