संपादकीय

 देश में कदम-कदम पर हो रहा रिश्तों का खून

देश में महिलाओं के साथ बलात्कार, शोषण या उनका जबरन धर्म परिवर्तन करके दूसरे धर्म के लोगों के साथ विवाह करवाने जैसे घटित घटनाओं को लेकर यह मान लें कि भारतीय समाज में नैतिक पतन बढ़ता जा रहा है और चंद लोग रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करके मानवता को लहू-लुहान और कलंकित कर रहे हैं। इसके पिछले मात्र एक सप्ताह के चंद उदाहरण में दर्ज हैं :

  • 26 जुलाई को सांगली (महाराष्ट्र) के एक पूर्व सैनिक ने बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर एक जनहित याचिका में बताया कि 2019 और 2021 के बीच महाराष्ट्र में एक लाख लड़कियां लापता हुई हैं। याचिका में कहा गया कि यदि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाए तो इससे महिलाओं के साथ बलात्कार, शोषण या उनका जबरन धर्म परिवर्तन करके दूसरे धर्म के लोगों के साथ विवाह करवाने जैसे मामलों का पता चल सकता है।
  • 26 जुलाई को ही फिरोजपुर में एक युवक के विरुद्ध अपनी साढ़े 16 वर्षीय नाबालिग बहन से बलात्कार करने के आरोप में केस दर्ज किया गया। पीड़िता के अनुसार माता-पिता ने उसके जन्म के 5 दिन बाद ही उसे उसकी बुआ और फूफा को गोद दे दिया था।  
  • 27 जुलाई को अधिकारियों ने सिंधुदुर्ग (महाराष्ट्र) के जंगल में पेड़ से बंधी एक महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जो  4 दिनों के इलाज के बाद भी बोलने में असमर्थ थी। उसने लिख कर बताया कि उसका पूर्व पति एक इंजैक्शन लगाने के बाद उसे मारने के इरादे से एक जंजीर के साथ पेड़ से बांध कर चला गया था। इंजैक्शन के प्रभाव से उसका जबड़ा और मांसपेशियां अकड़ गईं। 
  • 27 जुलाई को ही रीवा (मध्य प्रदेश) में 3 बहनों के इकलौते लाडले 13 वर्षीय भाई द्वारा अश्लील फिल्म देख कर अपनी सबसे छोटी 9 वर्षीय बहन से ही बलात्कार करके उसकी हत्या कर देने के मामले को दबाने में मदद करने वाली उसकी मां और 2 बड़ी बहनों को पुलिस ने हिरासत में लिया। 
  • 27 जुलाई को ही नई दिल्ली के मुंडका में बेटी की चाहत न होने के कारण एक महिला ने अपनी 9 वर्षीय बेटी की गला रेत कर हत्या कर दी। 
  • 27 जुलाई को ही शहडोल (मध्य प्रदेश) में ‘गीत कौल’ नामक बेऔलाद महिला को अपनी भाभी से गोद लिए 4 वर्षीय मासूम बच्चे को उसकी किसी गलती पर यातना देने के लिए बुरी तरह पीटने और फिर उसके शरीर के कई हिस्सों को गर्म तवे से दागने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 
  • 28 जुलाई को दिल्ली के द्वारका इलाके में एक व्यक्ति ने रुपए-पैसों को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी को चाकू घोंपने के बाद बीच-बचाव करने आई बेटी को भी चाकू घोंप दिया जिससे दोनों की मौत हो गई। 
  • 30 जुलाई को बदायूं (उत्तर प्रदेश) में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मारने की मंशा से मकान की छत से नीचे धक्का दे दिया लेकिन जब वह जिंदा बच गई तो उसे डंडों से पीट-पीट कर मार डाला। महिला दिल्ली में काम करने वाले अपने पति के साथ रहने की जिद कर रही थी।
  • 30 जुलाई को ही भिवंडी (महाराष्ट्र) में पुलिस ने एक 60 वर्षीय व्यक्ति को अपनी 15 वर्षीय भतीजी से बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया। 
  • 31 जुलाई को रोहतास (बिहार) के चंदनपुरा पंचायत के गांव तिलौथू में एक युवक द्वारा अपनी 14 वर्षीय नाबालिगा चचेरी बहन से बलात्कार करके उसे गर्भवती किए जाने का मामला सामने आने पर पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
  • 1 अगस्त को फिल्लौर (पंजाब) में एक कलियुगी बहू की शर्मनाक करतूत का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह अपनी 95 वर्षीय बुजुर्ग सास के ऊपर बैठ कर उसे बुरी तरह पीटती दिखाई दे रही थी। पिटाई से उसकी हालत खराब हो जाने के कारण उसके बेटे ने अपनी मां को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। अपनी करतूत वायरल होने के बाद से आरोपी महिला घर से फरार है।
  • 2 अगस्त को भुवनेश्वर (ओडिशा) की एक अदालत ने ‘संजीत दास’ नामक एक व्यक्ति को 2 वर्ष पूर्व अपनी पत्नी की चाकू घोंप कर हत्या करने और 6 वर्षीय बेटी की गला रेत कर हत्या करने की कोशिश करने के अपराध में मौत की सजा सुनाई।

उक्त घटनाएं मांग करती हैं कि समाज के सूझवान लोग, विशेषकर बुजुर्ग इस मामले में आगे आकर लोगों को शिक्षित करें। हमारे संत-महात्मा, मुनि आदि जिनका समाज में सम्मान है, भी लोगों से कोई भी अनैतिक काम न करने का प्रण लें। इसके साथ ही इस तरह के आचरण में संलिप्त लोगों को कठोरतम दंड देने की भी जरूरत है। 

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button