दिल्ली मेट्रो में ‘फोन स्टिकिंग’ का खतरनाक ट्रेंड, DMRC ने दी सख्त चेतावनी, पकड़े गए तो होगी कार्रवाई

नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। वीडियो में चलती मेट्रो के साथ फोन चिपकाकर शूटिंग का दावा किया गया है। रील को लाखों लोग देख चुके हैं। अब इस ट्रेंड को लेकर DMRC ने सख्त चेतावनी जारी की है।
65 मिलियन व्यूज के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के मुताबिक, दिल्ली के मॉडल और कंटेंट क्रिएटर निखिल कोचर की दिल्ली मेट्रो से जुड़ी रील को महज 20 घंटे में 65 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले। वीडियो में ऐसा नजर आता है कि फोन को चलती येलो लाइन मेट्रो की खिड़की के बाहर चिपकाया गया है। ट्रेन आगे बढ़ती है और बाहर प्लेटफॉर्म पर मौजूद क्रिएटर अलग-अलग पोज देता दिखाई देता है।
- पहली नजर में वीडियो देखकर लोगों को लगता है कि फोन चलती मेट्रो के साथ बाहर लगा हुआ है। हालांकि, वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि यह पूरा शॉट विजुअल इल्यूजन और एडिटिंग का नतीजा है।
- ट्रेन के अंदर मौजूद कैमरा टीम अलग फुटेज शूट करती है और फिर अंदर-बाहर के शॉट्स को इस तरह जोड़ा जाता है कि पूरा सीन वास्तविक दिखाई देता है।
क्रिएटिविटी की तारीफ, लेकिन दोहराने पर खतरा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने क्रिएटर की तकनीक और शूटिंग की तारीफ की। लेकिन इसके साथ ही एक चिंता भी सामने आई। यूजर्स का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग वीडियो देख रहे हैं, ऐसे में दूसरे कंटेंट क्रिएटर इसे दोहराने की कोशिश कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठाया गया कि चलती मेट्रो के साथ इस तरह का स्टंट सिर्फ मोबाइल फोन के नुकसान तक सीमित नहीं है। इससे यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
DMRC ने जारी किया सख्त बयान
मामले पर अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है। DMRC ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स मेट्रो ट्रेन की खिड़कियों पर मोबाइल फोन चिपकाकर चलती ट्रेन के वीडियो शूट कर रहे हैं। इस तरह की हरकत से दूसरे यात्रियों को परेशानी हो सकती है या उन्हें चोट लग सकती है। साथ ही मोबाइल फोन के खराब होने का भी खतरा है।



