ढाई लाख लेकर ढाई करोड़ बनाने का लालच देकर ठगी

बिलासपुर: ज्यादा से ज्यादा रुपये कमाने की चाहत हर किसी की होती है. कुछ लोग इसके लिए मेहनत और प्लानिंग करते हैं जबकि कुछ लोग कम समय में ज्यादा रुपया कमाने के चक्कर में तरह तरह के झांसे में फंस जाते हैं. ऐसा ही कुछ मामला बिलासपुर के बिल्हा में सामने आया है. यहां लाखों रुपयों को करोड़ों में बदलकर पैसों की बारिश कराने का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है.
लाखों को करोड़ों में बदलने का झांसा देकर ठगी
शिव कुमार चेरवा शरडी पाण्डूपारा चर्चा, जिला कोरिया बैकुण्ठपुर निवासी ने 3 फरवरी को बिल्हा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.उनके अनुसार बिल्हा के रहने वाले गुरुजी, सरपंच रिखीराम नवरंग, विमला बाई, बृहस्पति बाई, बृजबाई गोड साथ ही उनके ड्राइवर विजय राज ने मिलकर झरन के नाम पर पैसे दुगुना करने का झांसा देकर 2.50 लाख रुपये की ठगी की है.
ठगी के पांच आरोपी गिरफ्तार
मामले की शिकायत पर बिल्हा थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठन किया. मामले की जांच की गई. जिसके बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
पकड़े गए आरोपियों के नाम
रिखीराम नवरंग झुंगूल नवरंग उम्र 52 वर्ष ग्राम सम्बलपुरी थाना बिल्हा बिलासपुर, विजय राज उम्र 48 वर्ष ग्राम तिवरता थाना दीपिका जिला कोरबा (3), बृजबाई गोड पति श्याम सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी माचाडोली बांगो थाना बांगो जिला कोरबा, विमला बाई पति देव कुमार उम्र 32 वर्ष निवासी बिंझरा थाना कटघोरा जिला कोरबा, वृहस्पति बाई गोड पति दाउ सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी जुराली नगोई थाना कटघोरा जिला कोरबा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार किया.
पैसे झरन के नाम पर लोगों को फंसाया, 3 महिलाएं भी शामिल
एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया लाखों को करोड़ों में बदलने का झांसा देकर बैकुंठपुर और सीतापुर के रहने वाले दो व्यक्तियों को झांसे में लिया गया. मेवादास पंडित है. विजयराज लोगों को झांसे में लेता था और बिल्हा सरपंच पति के घर में अनुष्ठान करवाता था. अनुष्ठान के दौरान ही पैसे गायब किए गए और पीड़ितों को वहां से भगा दिया गया. पीड़ितों की शिकायत पर मामले में कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
आरोपियों से ठगी की गई राशि में से 1.85 लाख रुपये बरामद किए. सभी आरोपियों को 3 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में भेजा है. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.



