छत्तीसगढ़

 जीपीएम में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 2025 की जगह बांट दी गई 2024 की उत्तर पुस्तिकाएं

गौरेला पेंड्रा मरवाही: बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्र अध्यक्ष की बड़ी लापरवाही सामने आई है. दरअसल, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में है. 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रशासन ने 1 मार्च से परीक्षाएं लेने की तिथि निर्धारित कर दी है. जिसके लिए प्रवेश पत्र बांटने का काम अंतिम चरण में है, वहीं उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्न पत्रों का वितरण भी किया जाना है. प्रश्न पत्रों का वितरण समन्वय केंद्र के प्रभारियों के द्वारा किया जा रहा है.

2025 की जगह 2024 की बांट दी गई उत्तर पुस्तिका: उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है जिसमें मल्टीपरपज हायर सेकेंडरी स्कूल पेंड्रा के प्राचार्य जो बोर्ड परीक्षाओं के समन्वय केंद्र प्रभारी हैं ने वितरण में बड़ी लापरवाही बरती है. वर्तमान साल 2025 की उत्तर पुस्तिकाओं की जगह बीते साल 2024 की उत्तर पुस्तिकाएं बांट दी गई. यह उत्तर पुस्तिकाएं टीकर हायर सेकेंडरी स्कूल गौरेला, गुरुकुल हायर सेकेंडरी स्कूल गौरेला और सेमरदर्री हायर सेकेंडरी स्कूल मरवाही को दी गई. इन केन्द्रों में जब कॉपियों की जांच की गई तो इस बड़ी त्रुटि का पता चला. जिसके बाद इसकी जानकारी समन्वय केंद्र प्रभारी को दी गई.

लापरवाही पर होगा एक्शन: लापरवाही सामने आने के बाद अधिकारियों ने आदेश निकालकर संबंधित स्कूलों से तुरंत कॉपी जमा करने को कहा है. आदेश का परिपालन करते हुए इन सभी स्कूलों से आनन फानन में कॉपियां वापस जमा कराई गई है. समय रहते इस गलती का पता नहीं चलता तो छात्रों का भविष्य खराब हो सकता था. बीते वर्ष 2024 की उत्तर पुस्तिकाओं में लिखा गया उत्तर 2025 की बोर्ड परीक्षा में मान्य नहीं किया जाता. ऐसे में छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ हो जाता.

संयुक्त कलेक्टर ने कहा जिम्मेदारी तय होगी: मामले में प्रशासन की ओर से परीक्षा प्रभारी बनाए गए संयुक्त कलेक्टर जिम्मेदारी तय करने की बात कही है. संयुक्त कलेक्टर ने कहा कि इसमे समन्वय प्रभारी एवं केंद्र प्रभारी दोनों को कॉपियां देखकर लेनी एवं देनी चाहिए थी, प्रशासन इसमें जिम्मेदारी तय करेगा.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button