घबराना मत, सब ठीक हो जाएगा…घायल श्रद्धालुओं से मिलकर बोले CM योगी

महाकुंभ नगर, एक फरवरी (भाषा)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज में एसआरएन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने उपचाराधीन घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने डाक्टरों से भी घायलों की विस्तृत जानकारी ली और सभी को समुचित इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। घायलों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार को सभी श्रद्धालुओं की चिंता है।
एक-एक बिस्तर पर जाकर घायल श्रद्धालुओं का हाल जाना
उन्होंने एक महिला श्रद्धालु से कहा, ‘‘घबराना मत, सब ठीक हो जाएगा। उनके इलाज और अन्य व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उल्लेखनीय है कि मौनी अमावस्या के अमृत स्नान के दौरान संगम नोज पर हुई भगदड़ की घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएम योगी ने कहा कि अस्पताल में घायल तीर्थयात्रियों का समुचित इलाज किया जा रहा है और पूरा प्रशासन उनकी देखरेख में जुटा हुआ है। सीएम ने एक-एक बिस्तर पर जाकर घायल श्रद्धालुओं का हाल जाना।


