गरीब नगर अतिक्रमण हटाने से 8 साल बाद खत्म हुआ बांद्रा स्टेशन-टर्मिनस के बीच STA ट्रैक का स्पीड रिस्ट्रिक्शन

मुंबई: बांद्रा स्टेशन और बांद्रा टर्मिनस के बीच करीब 700 मीटर लंबी रेलवे लाइन की खराब हालत को सुधारने के लिए पश्चिम रेलवे ने बड़े पैमाने पर ट्रैक सुधार काम किया है। लंबे समय से कचरे, गंदगी और पानी की समस्या से जूझ रहे इस ट्रैक पर अब सामान्य स्पीड बहाल कर दी गई है। रेलवे के अनुसार, इस लाइन पर ट्रेनों की बुक्ड स्पीड अब 15 किमी प्रति घंटे तक बहाल हो गई है। अब इसका फायदा यह है कि यदि किसी खाली लोकल या फिर इंजिन को बांद्रा से मुंबई सेंट्रल और दादर ले जाना और आना पडेगा तो, उसे थोड़ी रफ़्तार मिल जाएगी।
गरीब नगर के बसने की वजह से रेल की स्थिति हुई थी खराब
यह लाइन 1992-93 के दौरान बांद्रा और बांद्रा टर्मिनस को जोड़ने के लिए बिछाई गई थी। इसके आसपास गरीब नगर और नाउपाड़ा जैसी बस्तियां होने के कारण ट्रैक के आसपास लगातार कचरा और गंदा पानी जमा होता रहा। इससे रेल लाइन की स्थिति खराब हो गई थी। कई जगह रेल फ्रेम जंग लगने के साथ क्षतिग्रस्त हो गए थे। पानी जमा होने के कारण सिग्नल और ट्रैक सर्किट में भी दिक्कतें सामने आ रही थीं। नतीजन काम किया गया।
3,200 घन मीटर हटाया गया कचरा
रेलवे ने 2025 में ट्रैक सुधार अभियान शुरू किया। इसके तहत पूरी लाइन और आसपास से करीब 3,200 घन मीटर कचरा और मलबा हटाया गया। इसके अलावा 1,165 स्लीपरों पर मैनुअल ट्रैक रिन्यूअल (TSR) का काम किया गया। ट्रैक को मजबूत करने के लिए TRR यानी ट्रैक रिन्यूअल कार्य भी किया गया। ट्रैक उठाने और उसकी मरम्मत के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया गया। वहीं, लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 18 का भी ओवरहालिंग किया गया। इससे इस हिस्से में ट्रैक की सुरक्षा और परिचालन स्थिति बेहतर हुई है।
8 किमी प्रति घंटे तक घटानी पड़ी थी रफ्तार
खराब ट्रैक की वजह से इस लाइन पर ट्रेनों की सामान्य रफ्तार 15 किमी प्रति घंटे से घटकर 2018 में 10 किमी प्रति घंटे कर दी गई थी। 2025 में कुछ समय के लिए इसे और घटाकर 8 किमी प्रति घंटे करना पड़ा था। सुधार कार्य के बाद पहले रफ्तार को 10 किमी प्रति घंटे किया गया और अब इसे दोबारा 15 किमी प्रति घंटे की सामान्य बुक्ड स्पीड पर लाया गया है।



