कोटा एक्सप्रेस से युवती का अगवा कर गैंगरेप, नेशनल हाईवे पर फेंककर हुए फरार

इटावा. उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में चलती ट्रेन से युवती को अगवाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात का मामला सामने आया है. आरोप है कि चलती ट्रेन में छेड़खानी का विरोध करने पर युवती को बेहोश कर अगवा किया। उसके बाद युवती के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को नेशनल हाईवे पर फेंककर फरार हो गए. बेसुध हालत में घरवालों के संपर्क में आई युवती के बताने पर परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है.
पीड़ित युवती ने बताया कि बीते शनिवार को वह मध्य प्रदेश के सोनी स्टेशन से कोटा एक्सप्रेस से इटावा के लिए बैठी थी, तभी ट्रेन की बोगी में पहले से बैठे एक युवक ने अपने मोबाइल फोन से युवती की वीडियो बनाना और फोटो खींचना शुरू कर दिया. जिसका युवती के द्वारा विरोध किया गया. इस दौरान युवती ने अपने मोबाइल फोन से एक आरोपी की तस्वीर भी खींच ली और दूसरी बोगी में जाकर बैठ गई, लेकिन वह युवक उसके पीछे दूसरी बोगी में आ गया और उसने कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया. होश में आने के बाद युवती ने अपने आपको एक बंद कमरे में पाया, जहां तीन से चार युवक मौजूद थे और सभी युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. फिर उसके बाद उसे कार में डालकर थाना बकेवर क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर उझियानी के पास फेंककर चले गए.


