केरल चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी किया घोषणापत्र, ₹3000 पेंशन, AIIMS और सबरीमाला पर बड़े वादे

तिरुवनंतपुरम: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को केरल विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र में पार्टी ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और कल्याणकारी उपायों का एक मिला-जुला पैकेज पेश किया। चुनावी घोषणापत्र में केरल में एक एम्स स्थापित करने, तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड में मेट्रो रेल परियोजनाएं शुरू करने और तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक एक हाई-स्पीड कॉरिडोर लागू करने का वादा किया गया है। आश्वासनों में गरीब परिवारों के लिए सालाना दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, हर महीने प्रति घर 20 हजार लीटर मुफ्त पीने का पानी और पेंशन को बढ़ाकर 3 हजार रुपए करना शामिल है।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने जारी किया घोषणापत्र
इसके अलावा बीजेपी के घोषणापत्र में देवस्वम बोर्डों का पुनर्गठन करने और सबरीमाला सोने की तस्करी मामले में सीबीआई जांच शुरू करने का भी संकल्प लिया है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने यह घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान बीजेपी ने ‘यही बदलाव है, यही विकसित केरल है’ प्रचार गीत भी रिलीज की। इस अवसर पर केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए।
पूजा स्थलों की रक्षा का वादा
बीजेपी ने लोगों की आस्था और पूजा स्थलों की रक्षा का वादा किया है। बीजेपी के घोषणा पत्र में सबरीमाला, गुरुवायूर और अन्य सभी पूजा स्थलों की रक्षा करने का वादा किया गया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि हम भ्रष्टाचार और धार्मिक अनुष्ठानों में सरकारी दखल को खत्म करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि इन स्थलों का प्रबंधन भक्तों के हाथों में ही रहे।
3000 रुपए पेंशन देने का वादा
70 साल से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिक, गरीब परिवारों की सभी महिला मुखियाओं और विधवाओं के लिए हर महीने 3,000 रुपए की पेंशन देने का भी वादा किया गया है। गरीब और बीपीएल परिवारों की हर महिला को ‘भक्ष्य-आरोग्य सुरक्षा कार्ड’ देने का वादा है। इसमें हर महीने 2,500 रुपए का रिचार्ज होगा। इस कार्ड का इस्तेमाल दवा की दुकानों और किराने की दुकानों पर किया जा सकेगा।



