किसान के जान देने की कोशिश का केस, कांग्रेस ने बनाई जांच समिति

बलौदाबाजार: सुहेला तहसील में किसान हीरालाल साहू ने खुदकुशी की कोशिश का प्रयास किया. इस घटना के बाद किसान की स्थिति गंभीर हो गई. आनन फानन में किसान को बलौदाबाजार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. देखते ही देखते इस घटना ने तूल पकड़ लिया. कलेक्टर दीपक सोनी तुरंत हरकत में आए और केस की जांच के आदेश दे दिए. उसके बाद कलेक्टर ने जिला अस्पताल में जाकर किसान से मुलाकात की. उन्होंने डॉक्टरों से बात कर किसान के इलाज में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए. किसान और उसके परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
जमीन पर अवैध कब्जे से किसान था परेशान: किसान के बेटे मालिकराम का कहना है कि उसके किसान पिता हीरालाल साहू जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटने से परेशान था. उन्होंने इसके लिए तहसील कार्यालय में आवेदन किया था. इस आवेदन के बाद भी किसान को इस केस में कोई समाधान नहीं मिल पाया. परिवार का आरोप है कि किसान कई बार तहसील कार्यालय का चक्कर लगा चुका था. उसके बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई और उसने आत्महत्या की कोशिश का कदम उठाया. अब इस केस में सियासत तेज हो गई कांग्रेस ने जांच समिति का गठन किया है.
कांग्रेस ने बनाई जांच समिति: घटना को देखते हुएअध्यक्ष दीपक बैज ने एक जांच समिति का गठन किया है. बलौदाबाजार से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे शैलेष नितिन त्रिवेदी की अध्यक्षता में दीपक बैज ने सात सदस्यीय जांच समिति बनाई है. शैलेष नितिन त्रिवेदी को इस जांच समिति का संयोजक बनाया गया है. जांच समिति तत्काल सुहेला के बुड़गहन गांव का दौरा करेंगे और पीसीसी चीफ दीपक बैज को जांच रिपोर्ट सौंपेंगे.
जांच समिति किसान से करेगी मुलाकात: सात सदस्यीय जांच समिति पीड़ित किसान से मुलाकात करेगी और उनके परिवार से भी चर्चा कर घटना की वस्तुस्थिति का पता लगाएगी. इस दौरान जांच समिति गांव के लोगों से भी चर्चा करेगी.
जांच समिति में शामिल नेताओं के बारे में जानकारी ?: कांग्रेस की जांच समिति में शैलेष नितिन त्रिवेदी को संयोजक बनाया गया है. जनक वर्मा, सुरेंद्र शर्मा, विद्याभूषण शुक्ल, दिनेश यदु, हितेंद्र ठाकुर और भुवनेश्वर वर्मा को जांच समिति का सदस्य बनाया गया है.



