मध्यप्रदेश

 इंदौर में जहरीली गैस लीक, कई लोगों की बिगड़ी तबीयत, इलाके में मची अफरा-तफरी

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में गुरुवार (26 फरवरी) को रात करीब 10 बजे रावजी बाजार इलाके में जहरीली गैस का रिवास होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घरों में मौजूद लोग और सड़क पर चलने वालों को अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी, कई लोगों को उल्टियां भी होने लगी. पूरा मोहल्ला घरों के बाहर निकल आया.

यहां एक कबाड़ी की दुकान में सिलेंडर से गैस लीक होने की जानकारी सामने आई है. जानकारी अनुसार इंदौर के रावजी बाजार इलाके में रात एक कबाड़ी की दुकान में लाए गए सिलेंडर को काटने के दौरान उसमें से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा. 

जहरीली गैस लीक होने से मची अफरा-तफरी

इलाके में जहरीली गैस फैलने से अफरा-तफरी मच गई. सांस के माध्यम से गैस फैफड़ों में जाने से लोगों को उल्टियां भी होने लगी. पूरा मोहल्ला घबराकर घरों से बाहर निकल आया. इलाके का माहौल काफी खराब हो गया. हर व्यक्ति मुंह पर रूमाल व कपड़ा बांधे नजर आया.

कबाड़ी की दुकान में गैस सिलेंडर से रिसाव

प्राथमिक रूप से मिली जानकारी अनुसार इलाके में एक कबाड़ी के यहां सिलेंडर काटा जा रहा था. उसमें गैस भरी थी, जिसमें से गैस का तेजी से रिसाव हुआ और इलाके में गैस फैल गई. पुलिस ने कबाड़ी को हिरासत में लिया है, वहीं सिलेंडर को दमकल के माध्यम से मौके से हटवाया गया है.

एडिशनल डीसीपी ने दी यह जानकारी

एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक कबाड़ी सिलेंडर को काट रहा था, तभी उसमें से गैस निकलने लगी. पुलिस ने शहजाद नामक कबाड़ी के खिलाफ कार्रवाई की है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सिलेंडर उसे किसने बेचा था. फिलहाल इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. 

इस घटना के बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह मौके पर पहुंचे एवं हालात का जायजा लिया. इस घटना के बाद प्रशासन ने इलाके की निगरानी बढ़ा दी है एवं स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है.

मौके पर पहुंचे डीसीपी

मौके पर पहुंचे डीसीपी आनंद कालादगीके अनुसार यह घटना रावजी बाजार के कटकटपुरा पुल के नीचे हुई, जहां शहजाद नाम का एक कबाड़ी सिलेंडर काटने का काम कर रहा था. इसी दौरान सिलेंडर से अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया. गैस फैलते ही आसपास मौजूद लोगों को घबराहट और सांस लेने में दिक्कत होने लगी. तुरंत पानी का छिड़काव किया गया ताकि गैस का प्रभाव कम हो सके. 

इस घटना में कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से प्रभावित नहीं हुआ है. करीब चार से पांच लोगों को हॉस्पिटल भेजा गया है उपचार के  लिए सभी लोग सुरक्षित हैं. आरोपी कबाड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि वह सिलेंडर कहा से किस से लेकर आया था. 

दमकल कर्मी ने घटना पर क्या बताया?

फायरकर्मी सुधीर बारिया ने बताया गैस लीकेज की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड भी मौके पहुंचा और सिलेंडर का वॉल्व बंद करने की कोशिश की फिर पानी की बौछार डाली गई जिससे नियंत्रण में किया गया. गैस के प्रभाव से फायरकर्मियों की भी तबियत बिगड़ी जिन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button