आगरा में झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आकर रेलवे इंजीनियर के दोनों पैर कटे, 2 घंटे बाद हो गई मौत

आगरा: यूपी में जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे में रेलवे के अवर अभियंता मनोज सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। काम पूरा करने के बाद ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान वह झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में उनके दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी सैंया से एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां करीब दो घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
मनोज सैनी रेलवे के एफएमआई विभाग में ट्रैक मशीन इंजीनियर थे और आगरा मुख्यालय में अवर अभियंता के पद पर तैनात थे। मंगलवार शाम करीब 4:45 बजे जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास ब्लॉक लेकर मशीन से काम कराया जा रहा था। काम पूरा होने के बाद मनोज सैनी मशीन से नीचे उतरकर डाउन ट्रैक की ओर गए।
दिल्ली से आगरा की ओर आ रही थी ट्रेन
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम के अनुसार, काम पूरा करने के बाद मनोज सैनी दिल्ली की ओर से आ रही झेलम एक्सप्रेस से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आने के लिए चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनके दोनों पैर कट गए और वह गंभीर रूप से घायल होकर ट्रैक के पास गिर पड़े।
इलाज के दौरान तोड़ दिया दम
हादसा होते ही मौके पर मौजूद रेल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायल मनोज सैनी को सीएचसी सैंया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान करीब दो घंटे बाद मनोज सैनी ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



